उप्र : कासगंज में भाजपा जिला प्रमुख, विधायक ने थाने के अंदर दिया धरना
उप्र : कासगंज में भाजपा जिला प्रमुख, विधायक ने थाने के अंदर दिया धरना
एटा, 25 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में उस समय असामान्य स्थिति पैदा हो गई जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला अध्यक्ष और पार्टी के एक विधायक ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए एक पुलिस थाने के अंदर धरना दिया।
विरोध प्रदर्शन पटियाली कोतवाली पुलिस थाने में हुआ, जहां भाजपा जिला अध्यक्ष नीरज शर्मा और अमामपुर विधायक हरिओम वर्मा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठे।
शर्मा का आरोप है कि कोतवाली के निरीक्षक ने उनसे फोन पर बातचीत के दौरान अभद्र भाषा का प्रयोग किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें पुलिस थाने के अंदर ‘गिरफ्तार’ किया गया था। भाजपा नेता का यह बयान सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में सामने आया है।
यह विवाद बुधवार को पुलिस की उस कार्रवाई से उपजा है, जब मिश्रा को 11 दिसंबर, 2021 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कथित तौर पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के संबंध में वारंट जारी होने के बाद गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया था।
शर्मा के मुताबिक, उन्होंने एक अन्य मामले को लेकर पुलिस को फोन किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि शुरू में उनकी फोन कॉल का जवाब नहीं दिया गया और जब बातचीत हुई, तो अधिकारियों ने ‘मर्यादा की सभी सीमाएं’ पार कर दीं और अपमानजनक व्यवहार किया।
शर्मा ने कहा, ‘पार्टी कार्यकर्ताओं का सम्मान मेरी पहली प्राथमिकता है। जब तक आरोपी निरीक्षक यहां से हटाये नहीं जाते, तब तक न तो विधायक यहां से हटेंगे और न ही कोई कार्यकर्ता घर जाएगा। यह सम्मान की लड़ाई है।’
वर्मा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ शर्मा के समर्थन में थाने पहुंचे और धरने में शामिल हुए।
इस विरोध के बीच, पटियाली कोतवाली एक शिविर में तब्दील हो गई, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ता परिसर के अंदर और बाहर एकत्र हुए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत करने के लिए पार्टी नेताओं के साथ चर्चा की।
भाजपा नेता और कार्यकर्ता संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे और कहा कि जब तक कड़ी कार्रवाई नहीं होगी तब तक विरोध जारी रहेगा।
भाषा
सं, जफर
रवि कांत

Facebook


