उप्र : केपी ट्रस्ट ने राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए दी गई अनुमति रद्द की

उप्र : केपी ट्रस्ट ने राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए दी गई अनुमति रद्द की

उप्र : केपी ट्रस्ट ने राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए दी गई अनुमति रद्द की
Modified Date: August 5, 2026 / 09:41 pm IST
Published Date: August 5, 2026 9:41 pm IST

प्रयागराज (उप्र), पांच अगस्त (भाषा) प्रयागराज के ‘केपी ग्राउंड’ में आठ अगस्त को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम ‘‘छात्रों की गूंज’’ के लिए प्रदान की गई अनुमति केपी ट्रस्ट ने बुधवार शाम निरस्त कर दी।

केपी ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष जितेंद्र नाथ चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘केपी कॉलेज के खिलाफ इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने 14 अगस्त, 2025 को आदेश पारित किया था जिसमें केपी कॉलेज के मैदान को खेल-कूद एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के अलावा किसी अन्य कार्य के लिए नहीं देने को कहा गया था।’’

उन्होंने कहा कि इसके अलावा, केपी ग्राउंड में बारिश का पानी भरा हुआ है जिससे इस तरह का आयोजन जोखिम भरा हो सकता है।

चौधरी ने कहा कि कांग्रेस को अनुमति इस शर्त के साथ दी गई थी कि वह इस आयोजन के लिए जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति प्राप्त करे, लेकिन अभी तक जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति नहीं आई है।

चौधरी ने कहा कि इन कारणों से कांग्रेस को आगामी आठ अगस्त को कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति रद्द की गई है।

उल्लेखनीय है कि पेपर लीक और छात्रों के अन्य मुद्दों पर संवाद करने के लिए कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का आठ अगस्त को केपी ग्राउंड में ‘‘छात्रों की गूंज’’ शीर्षक से एक संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित था।

इस कार्यक्रम की तैयारी का जायजा लेने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय बुधवार को प्रयागराज आए और कार्यक्रम के सफल होने की कामना के साथ लेटे हनुमान जी का दर्शन किया।

भाषा राजेंद्र शफीक

शफीक


लेखक के बारे में