उप्र: थाना प्रभारी का शव सरकारी आवास में फंदे से लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस
उप्र: थाना प्रभारी का शव सरकारी आवास में फंदे से लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस
बस्ती, 29 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में वाल्टरगंज थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश सिंह (57) का शव शनिवार को कलक्ट्रेट परिसर के पास स्थित उनके सरकारी आवास के कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) संजीव त्यागी, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।
बस्ती रेंज के डीआईजी संजीव त्यागी ने बताया कि थाना प्रभारी का शव उनके कमरे में पंखे से लटका मिला।
उन्होंने बताया कि सूर्य प्रकाश सिंह दोपहर करीब एक बजे अपने सहयोगियों के साथ आवास पर पहुंचे थे और उनके साथ आए कर्मचारी सिविल लाइंस पुलिस चौकी पर रुक गए थे।
डीआईजी के अनुसार, शाम को जब उनके सहयोगी बलराम गौड़ कमरे में पहुंचे तो उन्होंने सूर्य प्रकाश सिंह का शव फंदे से लटका पाया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ और प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
अधिकारियों ने बताया कि मौत से पहले उनके निजी मोबाइल नंबर पर लगाए गए अंतिम व्हाट्सएप स्टेटस में लिखा था, ‘‘धन आवश्यक है, लेकिन शांति और प्रेम से अधिक महत्वपूर्ण नहीं है।’’
आजमगढ़ जिले के मूल निवासी सूर्य प्रकाश सिंह के परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है।
पुलिस के अनुसार, सूर्य प्रकाश सिंह वर्ष 1991 में हेड कांस्टेबल के पद पर पुलिस सेवा में शामिल हुए थे और 2014-15 में उपनिरीक्षक बने थे।
पुलिस ने बताया कि उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


