यूपीएससी की सिविल सेवा: जामिया की ‘आवासीय कोचिंग अकादमी’ के 38 विद्यार्थी सफल रहे

यूपीएससी की सिविल सेवा: जामिया की ‘आवासीय कोचिंग अकादमी’ के 38 विद्यार्थी सफल रहे

यूपीएससी की सिविल सेवा: जामिया की ‘आवासीय कोचिंग अकादमी’ के 38 विद्यार्थी सफल रहे
Modified Date: March 6, 2026 / 07:12 pm IST
Published Date: March 6, 2026 7:12 pm IST

नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) जामिया मिलिया इस्लामिया (जेएमआई) की आवासीय कोचिंग अकादमी (आरसीए) के 38 विद्यार्थियों ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा-2025 में सफलता प्राप्त की है। इस परीक्षा के परिणाम शुक्रवार को घोषित किए गए।

एक अधिकारी ने बताया कि सफल उम्मीदवारों में 15 महिलाएं शामिल हैं, जो समानता और समावेशिता को बढ़ावा देने में जेएमआई की भूमिका को रेखांकित करती हैं। चार उम्मीदवारों ने शीर्ष 50 में स्थान प्राप्त किया, जिनकी अखिल भारतीय रैंक क्रमशः 7, 14, 24 और 29 रही।

जेएमआई के कुलपति मजहर आसिफ ने सफल उम्मीदवारों को बधाई दी और आरसीए के ‘कोचिंग और करियर योजना केंद्र’ के शिक्षकों और प्रशासनिक कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।

आसिफ ने कहा, ‘‘संपूर्ण जेएमआई परिवार की ओर से मैं हमारे सभी प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई देता हूं जिन्होंने हमें गौरवान्वित किया है। आरसीए से प्रशिक्षित हमारे विद्यार्थियों की असाधारण सफलता जेएमआई में विद्यमान कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प की संस्कृति को दर्शाती है, जो देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक में सफलता के लिए एक अहम तत्व है।’’

विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार मोहम्मद महताब आलम रिजवी ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए इसे विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने सभी शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों को धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘यह देखते हुए कि अभूतपूर्व संख्या में विद्यार्थियों विशेषकर महिलाओं ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त की है, यह विश्वविद्यालय के लिए गर्व का क्षण है।’’

भाषा संतोष नरेश

नरेश


लेखक के बारे में