दिल्ली के राजौरी गार्डन की एक इमारत में आग लगी, तीन लोग सुरक्षित बाहर निकले
दिल्ली के राजौरी गार्डन की एक इमारत में आग लगी, तीन लोग सुरक्षित बाहर निकले
नयी दिल्ली, दो अगस्त (भाषा) राजौरी गार्डन में रविवार को एक रिहायशी इमारत में आग लग गई जिसके बाद तीन साल की बच्ची समेत तीन लोग रस्सी की तरह साड़ी का इस्तेमाल करके सुरक्षित बाहर निकल गए। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि हरि नगर थाना क्षेत्र के तहत राजौरी गार्डन में एक चार मंजिला इमारत में आग लगने की सूचना शाम 4:10 बजे मिलने के बाद डीएसएफ की पांच दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दमकलकर्मियों ने शाम करीब 4:40 बजे तक आग पर काबू पा लिया।
इसके बाद कूलिंग का काम जारी रहा।
डीएफएस के अनुसार, आग इमारत के भूतल पर स्थित शाफ्ट में लगी, जहां बड़ी मात्रा में कूड़ा-करकट जमा था। आग और धुआं पहली, दूसरी और तीसरी मंजिल के कुछ हिस्सों तक फैल गया। यह इमारत लगभग 300 वर्ग गज क्षेत्र में बनी है।
अधिकारी ने बताया कि दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले 62 वर्षीय और 32 वर्षीय दो महिलाओं तथा तीन वर्षीय बच्ची ने साड़ी के सहारे दूसरी मंजिल से नीचे उतरकर खुद को बचा लिया।
उन्होंने कहा कि इस घटना में किसी के घायल या हताहत होने की कोई खबर नहीं है और आग लगने की वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश

Facebook


