उप्र : रायबरेली में भीषण सड़क हादसे में चार बारातियों की मौत

उप्र : रायबरेली में भीषण सड़क हादसे में चार बारातियों की मौत

उप्र : रायबरेली में भीषण सड़क हादसे में चार बारातियों की मौत
Modified Date: April 26, 2024 / 12:24 pm IST
Published Date: April 26, 2024 12:24 pm IST

रायबरेली (उप्र) 26 अप्रैल (भाषा) रायबरेली जिले के मिल एरिया थाना क्षेत्र के मालिन पुरवा गांव के पास शुक्रवार को तड़के बारातियों की स्कार्पियो के पहले पुलिया से और फिर पेड़ से टकरा जाने से चार लोगों की मौत हो गई और चार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, बारात लालगंज के कटहरिन का पुरवा गांव से अमेठी जिले के फुरसतगंज गयी थी और वहां से शुक्रवार को तड़के करीब तीन बजे आठ बराती स्कॉर्पियो से वापस लौट रहे थे। रायबरेली- सुलतानपुर रोड पर मालिन का पुरवा गांव के पास गाड़ी पुलिया से टकराने के बाद पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में वाहन सवार सभी लोग घायल हो गये।

पुलिस ने बताया कि आसपास के लोगों की सूचना पर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने लालगंज निवासी पंकज पाल (30), अजबी का पुरवा निवासी राघवेंद्र यादव (50), कहरियन का पुरवा निवासी दीपक पाल (28) व अवधेश पाल (45) को मृत घोषित कर दिया।

कटहरिन का पुरवा के मुकेश पाल (37), अंकुश पाल (15), ऐहार निवासी बबलू पांडेय (50), शिवा खेड़ा निवासी प्रमोद कुमार का जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

मिल एरिया थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

भाषा सं आनन्द

मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में