उप्र : हाथी के हमले में दुधवा प्राणि उद्यान के कर्मचारी की मौत

उप्र : हाथी के हमले में दुधवा प्राणि उद्यान के कर्मचारी की मौत

उप्र : हाथी के हमले में दुधवा प्राणि उद्यान के कर्मचारी की मौत
Modified Date: April 29, 2026 / 10:34 pm IST
Published Date: April 29, 2026 10:34 pm IST

लखीमपुर खीरी, 29 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में स्थित दुधवा राष्ट्रीय उद्यान में बुधवार को गश्त और उद्यान से जुड़े कार्यों में इस्तेमाल किए जाने वाले एक हाथी के हमले में एक कर्मचारी की मौत हो गई।

दुधवा टाइगर रिजर्व (डीटीआर) के क्षेत्र निदेशक डॉ. एच. राजमोहन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि राइनो पुनर्वास क्षेत्र में नियमित निगरानी के बाद चारा काटने वाले कर्मचारी राम विलास (52) कैंप हाथी ‘विनायक’ को पानी के तालाब की ओर ले जा रहे थे, तभी अचानक हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि घायल कर्मचारी को तत्काल पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

राजमोहन ने बताया कि कैंप हाथी वे हाथी होते हैं जिनका उपयोग जंगल में गश्त, पर्यटकों को घुमाने और अन्य कार्यों के लिए किया जाता है। उन्होंने कहा कि हाथी के व्यवहार में अचानक बदलाव देखा गया है और फिलहाल उस पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि अप्रत्याशित व्यवहार को देखते हुए अब पर्यटकों को कैंप हाथियों के करीब जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि राम विलास के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मृतक के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया गया है।

भाषा

सं, सलीम रवि कांत


लेखक के बारे में