उप्र : मृत व्यक्ति की ओर से कराया गया जमीन का फर्जी बैनामा, जांच के आदेश
उप्र : मृत व्यक्ति की ओर से कराया गया जमीन का फर्जी बैनामा, जांच के आदेश
एटा (उप्र), नौ अप्रैल (भाषा) एटा जिले में जमीन हड़पने की कथित साजिश के तहत एक व्यक्ति की मौत के करीब 15 महीने बाद उसकी ओर से फर्जी बैनामा (रजिस्ट्री) कराये जाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।
पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि जैथरा थाना क्षेत्र के रसीदपुर गांव में 18 जनवरी 2023 को मृत सूरज पाल की मृत्यु के बाद जालसाजों ने दस्तावेजों में हेरफेर कर 21 दिसंबर 2024 को सूरज पाल की जमीन का बैनामा नितेश प्रताप सिंह और पंकज सिंह चौहान के नाम करा लिया।
उन्होंने बताया कि मामले का खुलासा तब हुआ जब नितेश और पंकज अपने साथियों के साथ सूरज पाल के खेत पर पहुंचे और वहां खड़ी गेहूं की फसल काटने का प्रयास किया।
सूत्रों ने बताया कि सूरज पाल की पत्नी कृष्णा देवी और उनके बेटों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद विवाद की स्थिति बन गई। उन्होंने बताया कि आरोपियों द्वारा जमीन के कागजात दिखाए जाने पर परिवार को धोखाधड़ी की जानकारी हुई।
सूत्रों ने बताया कि पीड़िता कृष्णा देवी ने अपने बेटों के साथ अलीगंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) राजेश कुमार सिंह के कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज करायी।
सीओ ने कहा कि यह गम्भीर मामला है कि मृत व्यक्ति की ओर से जमीन का बैनामा कैसे हो गया। उन्होंने कहा कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उधर, अलीगंज के उप जिलाधिकारी ने भी मामले में जांच के आदेश देते हुए कहा कि पूरी प्रक्रिया की पड़ताल कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
भाषा सं. सलीम मनीषा
मनीषा

Facebook


