उप्र : एटा में रेलवे लाइन के पास गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिलने से तनाव
उप्र : एटा में रेलवे लाइन के पास गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिलने से तनाव
एटा, 30 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के एटा जिले में सोमवार को गदेसरा बंबा स्थित रेलवे लाइन के पास झाड़ियों में पांच गोवंशीय पशुओं के क्षत-विक्षत अवशेष मिलने से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक यह घटना जिले के अवागढ़ क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पशु चिकित्सकों की टीम को बुलाकर अवशेषों का पोस्टमार्टम कराया गया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद प्रशासन ने अवशेषों को गड्ढा खोदकर दफना दिया।
इस घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और नाराजगी जताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह ने मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विशेष टीम गठित की है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
भाषा
सं, सलीम रवि कांत

Facebook


