उत्तराखंड : नर्सिंग बेरोजगारों के समर्थन में आत्मदाह की धमकी देने के आरोप में कांग्रेस नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज
उत्तराखंड : नर्सिंग बेरोजगारों के समर्थन में आत्मदाह की धमकी देने के आरोप में कांग्रेस नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज
देहरादून, 14 मई (भाषा) नर्सिंग बेरोजगारों के आंदोलन को समर्थन देने के लिए पानी की टंकी पर चढ़कर आत्मदाह की धमकी देने और सरकारी कार्यों में बाधा डालने के आरोप में उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
मंगलवार को रौतेला चार अन्य नर्सिंग बेरोजगारों के साथ परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गयी थीं जहां उन्होंने स्वयं पर पेट्रोल छिड़ककर माचिस निकाल ली थी और आत्मदाह का प्रयास किया था।
नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले बेरोजगार राज्य सरकार से वर्षवार भर्ती शुरू किए जाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि रौतेला तथा नर्सिंग एकता मंच के अन्य सदस्य अपनी मांगों पर दबाव बनाने के लिए अनाधिकृत रूप से पानी की टंकी पर चढ़ गये थे और पुलिस एवं प्रशासन के उच्चाधिकारियों के काफी समझाने पर भी नीचे नहीं उतरे। वहीं, अन्य लोगों द्वारा टंकी के नीचे एकत्रित होकर धरना-प्रदर्शन किया गया।
पुलिस ने बताया कि इसी दौरान 12 मई को रौतेला ने आत्मदाह का प्रयास किया, जिस पर प्रशासन द्वारा उनसे ऐसा न करने की विनती की गयी। उसने बताया कि नर्सिंग एकता मंच के सदस्यों द्वारा परेड ग्राउंड से बाहर आकर मुख्य सड़क पर जाम लगाकर नारेबाजी की गयी जिसके बाद प्रशासन द्वारा प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी मांगें पूरी करने का आश्वासन देने के बाद यातायात बहाल करवाया गया।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद रौतेला अन्य लोगों के साथ नीचे उतरीं।
उसने बताया कि रौतेला तथा अन्य के खिलाफ बुधवार को डालनवाला पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
भाषा दीप्ति मनीषा शफीक
शफीक

Facebook


