उत्तराखंड: नयी टिहरी में दलित किशोर का अंतिम संस्कार, परिवार ने की दोषियों को फांसी की मांग
उत्तराखंड: नयी टिहरी में दलित किशोर का अंतिम संस्कार, परिवार ने की दोषियों को फांसी की मांग
नयी टिहरी (उत्तराखंड), 10 जून (भाषा) उत्तराखंड के बौराड़ी जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम किए जाने के एक दिन बाद 18 वर्षीय केतन लाल का अंतिम संस्कार बुधवार को यहां कोटी कॉलोनी घाट पर पूरे किया गया।
दलित समुदाय से ताल्लुक रखने वाले केतन के परिजनों ने हत्या के दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। राज्य सरकार की ओर से समर्थन का आश्वासन मिलने के बाद परिवार ने अस्पताल से शव लिया।
देवल गांव के निवासी केतन की पिछले छह माह से प्रतापगढ़ ब्लॉक के खोलगढ़ की एक लड़की से दोस्ती थी। परिवार का आरोप है कि सात जून को उस लड़की ने केतन को अपने घर बुलाया, जहां यशवीर सिंह पंवार सहित कुछ लोगों ने उसे और उसके दोस्त दिवाकर डिमरी को एक कमरे में बंद कर रात भर डंडों से पीटा।
आठ जून को अस्पताल ले जाते समय केतन ने दम तोड़ दिया। मंगलवार को वीडियोग्राफी में चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम किया।
पोस्टमार्टम के बाद पीड़ित परिवार और स्थानीय ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। उन्होंने दोषियों को कड़ी सजा, परिवार को पुलिस सुरक्षा, एक करोड़ रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी की मांग रखी।
बुधवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार, क्षेत्राधिकारी चंद्रमोहन सिंह, कोतवाल ऐश्वर्यपाल और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मध्यस्थता के बाद गतिरोध समाप्त हुआ।
अधिकारियों ने परिवार को आश्वासन दिया कि उनका मांग-पत्र राज्य सरकार को भेज दिया गया है और दो आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, जबकि अन्य को हिरासत में लिया गया है।
उत्तराखंड के समाज कल्याण मंत्री खजान दास, घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह और राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने पीड़ित के पिता धनपाल लाल से फोन पर बात कर सरकारी सहयोग का भरोसा दिलाया।
इन आश्वासनों के बाद परिवार ने अस्पताल से शव लिया और कोटी कॉलोनी में अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
भाषा खारी रंजन
रंजन

Facebook


