उत्तराखंड: पौड़ी में दो बेटियों से दुष्कर्म करने का आरोपी पिता गिरफ्तार

Ads

उत्तराखंड: पौड़ी में दो बेटियों से दुष्कर्म करने का आरोपी पिता गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 18, 2026 / 08:52 PM IST,
    Updated On - August 18, 2026 / 08:52 PM IST

कोटद्वार, 18 अगस्त (भाषा) उत्तराखंड के पौड़ी जिले में पुलिस ने अपनी दो बेटियों से कथित तौर पर दुष्कर्म करने के लिए मंगलवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि कोटद्वार निवासी अनूप चंद्र को उपलब्ध साक्ष्यों, पीड़िताओं के बयानों और पूछताछ के आधार पर गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, कपड़ों के एक शोरूम में सेल्समैन का काम करने वाले 46 वर्षीय आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि कोटद्वार थाने में दर्ज शिकायत में एक महिला ने आरोप लगाया उसके पति ने अपनी ही 19 और 17 साल की बेटियों से दुष्कर्म किया।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी पति पिछले कई वर्षों से बेटियों का यौन उत्पीड़न कर रहा था और किसी को बताने या पुलिस में शिकायत करने पर उसने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी।

पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(2), 64(2)(एफ), 64(2)(एम) तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गयी।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पुलिस के सामने यह तथ्य भी आया कि पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद था और ऐसे में आरोपों को केवल पारिवारिक विवाद का परिणाम मानने के बजाय उनकी वास्तविकता व सत्यता की गहन जांच शुरू की गयी।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान पीड़िताओं के बयान दर्ज करने और घटनाक्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच व आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी से भी पूछताछ की गयी।

पुलिस के मुताबिक, पहले आरोपी ने अलग-अलग बहाने बनाकर तथ्यों को छिपाने का प्रयास किया लेकिन बाद में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया।

भाष सं दीप्ति जितेंद्र

जितेंद्र