महाराष्ट्र सरकार ने 17,725 करोड़ रुपये की लागत वाली मेट्रो लाइन-13 को मंजूरी दी

Ads

महाराष्ट्र सरकार ने 17,725 करोड़ रुपये की लागत वाली मेट्रो लाइन-13 को मंजूरी दी

  •  
  • Publish Date - August 18, 2026 / 10:19 PM IST,
    Updated On - August 18, 2026 / 10:19 PM IST

मुंबई, 18 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि सरकार ने मीरा-भायंदर और वसई-विरार को जोड़ने वाली 25 किलोमीटर लंबी और 16 स्टेशन वाली मेट्रो लाइन-13 को मंजूरी दे दी। इस परियोजना की अनुमानित लागत 17,724.99 करोड़ रुपये है।

बुनियादी ढांचे से जुड़े एक अन्य बड़े फैसले में सरकार ने पुणे रिंग रोड के पूर्वी विस्तार की संशोधित परियोजना लागत 10,502.36 करोड़ रुपये मंजूर की।

ये फैसले दक्षिण मुंबई स्थित मंत्रालय में फडणवीस की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बुनियादी ढांचा समिति की बैठक में लिए गए।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 25.03 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन-13 ठाणे और पालघर जिलों से होकर गुजरेगी और इसका क्रियान्वयन मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) करेगा।

कुल मार्ग में 21.78 किलोमीटर हिस्सा ‘एलिवेटेड’ और 3.25 किलोमीटर भूमिगत होगा। इस गलियारे में 16 स्टेशन होंगे, जिनमें 13 ‘एलिवेटेड’ और तीन भूमिगत स्टेशन होंगे।

परियोजना में वसई खाड़ी पर पांजू द्वीप को जोड़ने वाला 4.92 किलोमीटर लंबा एकीकृत छह लेन का सड़क-सह-मेट्रो पुल भी शामिल है। पालघर जिले के चिखल डोंगरी में मेट्रो डिपो बनाने का प्रस्ताव है।

यह मेट्रो लाइन मीरा रोड, वसई, नालासोपारा, नायगांव और विरार को जोड़ेगी, जो सभी मुंबई महानगर क्षेत्र का हिस्सा हैं। इससे नायगांव, नालासोपारा और विरार उपनगरीय रेलवे स्टेशनों तक भी संपर्क सुविधा मिलेगी। मीरा भायंदर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस मैदान के पास इसे मेट्रो लाइन-9 से जोड़ने का प्रस्ताव है।

सभी मेट्रो स्टेशन पर बस सेवा भी उपलब्ध कराने की योजना है।

बयान के अनुसार, परियोजना के लिए करीब 24.84 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता होगी और मंजूरी मिलने के पांच साल के भीतर इसे पूरा करने का लक्ष्य है।

फडणवीस ने अधिकारियों को अगले छह महीने में भूमि अधिग्रहण और पहुंच मार्गों का काम पूरा करने का निर्देश दिया।

भाषा रमण अजय

अजय