देहरादून, 16 जुलाई (भाषा) उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में सिलक्यारा सुरंग के अंदर बृहस्पतिवार को एक बड़ा पत्थर गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उत्तरकाशी के जिलाधिकारी (डीएम) प्रशांत आर्य ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब सुरंग के अंदर लगाया जा रहा पत्थर अचानक गिर गया।
डीएम ने बताया कि मजदूर झारखंड का रहने वाला था। पत्थर उसकी गर्दन के पिछले हिस्से पर गिरा जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि संबंधित उप-जिलाधिकारी (एसडीएम) ने घटना की जानकारी जुटाने के लिए घटनास्थल का दौरा किया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह हादसा नवंबर 2023 में सिलक्यारा सुरंग के धंसने की घटना जैसा नहीं है, जिसमें 41 मजदूर कई दिनों तक सुरंग के अंदर फंस गए थे।
आर्य ने कहा, ‘इस मामले में मलबा धंसने या मजदूरों के फंसने जैसी कोई स्थिति नहीं है।’
प्रशासन के अनुसार, उप-जिलाधिकारी (एसडीएम) की रिपोर्ट मिलने के बाद घटना से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा