उत्तराखंड: धारदार हथियार से पत्नी की हत्या करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार
उत्तराखंड: धारदार हथियार से पत्नी की हत्या करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार
उत्तरकाशी (उत्तराखंड), 13 सितंबर (भाषा) उत्तरकाशी के मनेरी में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से कथित तौर पर हमला किया और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) जनक सिंह पंवार ने बताया कि घटना शुक्रवार को तब सामने आई जब बयाना गांव में 28 वर्षीय एक महिला अपने घर में लहुलूहान अवस्था में बेहोशी की हालत में मिली। उन्होंने बताया कि उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि अपराध को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हुए आरोपी विष्णु चौहान को घटना के कुछ घंटों बाद शुक्रवार रात गांव के निकट एक स्थान से गिरफ्तार कर लिया गया।
चौहान को शनिवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया और जेल भेज दिया गया।
पीड़िता के पिता चतर सिंह पंवार की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
हत्या की इस घटना के विरोध में मनेरी निवासी धरने पर बैठ गए और मांग की कि आरोपियों को तुरंत फांसी दी जाए।
चौहान ने पुलिस को बताया कि उसका अपनी पत्नी से अक्सर झगड़ा होता रहता था। शुक्रवार को भी उसका अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ और गुस्से में आकर उसने पहले हसिया से उसके सिर पर वार किया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
डीएसपी ने बताया कि चौहान ने अपनी पत्नी को लहुलूहान अवस्था में शौचालय में छोड़ दिया और मौके से फरार हो गया।
आरोपी को मार्च में नशे की हालत में अपनी पत्नी की पिटाई करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
भाषा
राखी देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


