उत्तराखंड में गाइड ने पर्यटकों के साथ की मारपीट, पुलिस ने कार्रवाई की
उत्तराखंड में गाइड ने पर्यटकों के साथ की मारपीट, पुलिस ने कार्रवाई की
पौड़ी गढ़वाल, तीन मई (भाषा) उत्तराखंड पुलिस ने चार धाम की यात्रा पर आये 19 सदस्यीय समूह को उस समय बचाया जब एक गाइड ने भोजनालय के पास उनके साथ कथित तौर पर बदसलूकी और मारपीट की। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली के पर्यटक समूह ने तीर्थयात्रा के लिए ऑनलाइन एजेंसी ‘योर ट्रिपमेट’ के माध्यम से एक वाहन बुक किया और 1.14 लाख रुपये का अग्रिम भुगतान किया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार रात ज्योति ढाबे पर खाने के दौरान गाइड ने पर्यटकों पर कथित तौर पर हमला किया, जिसमें एक यात्री के चेहरे पर चोटें आईं, जबकि हाथापाई के दौरान एक अन्य के कपड़े फट गए।
उन्होंने बताया कि अनमोल नाम का आरोपी गाइड दिल्ली का निवासी है।
समूह के सदस्य अनुराग पटेल ने रात 11 बजे पुलिस से संपर्क किया और शिकायत की कि गाइड ने दिल्ली से पूरी यात्रा के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
अधिकारी ने बताया कि पौड़ी पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और समूह को सुरक्षा के लिहाज से श्रीनगर थाने ले गई।
उन्होंने बताया कि समूह में महिलाएं और लड़कियां थीं जो काफी घबराई हुई थीं। उन्होंने बताया कि एक लड़की थाने में बेहोश हो गई, लेकिन पुलिस टीम की सहायता के बाद उसे होश आ गया।
पुलिस ने ट्रैवल एजेंसी से संपर्क किया और 1.14 लाख रुपये की अग्रिम राशि की पूरी वापसी की व्यवस्था की।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस अधिनियम के तहत गाइड के खिलाफ कार्रवाई की गई और उसे दिल्ली वापस भेज दिया।
भाषा शफीक सुभाष
सुभाष

Facebook


