उत्तराखंड: नगरासू के गुरुद्वारे में हंगामा, प्रबंधक को बंधक बनाकर छत पर चढ़े निहंग
उत्तराखंड: नगरासू के गुरुद्वारे में हंगामा, प्रबंधक को बंधक बनाकर छत पर चढ़े निहंग
रुद्रप्रयाग, 21 जून (भाषा) उत्तराखंड में रुदप्रयाग जिले के नगरासू स्थित एक गुरुद्वारे में कुछ निहंग सिख श्रद्धालुओं ने जमकर हंगामा किया और प्रबंधक को बंधक बनाते हुए गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि शनिवार को हुई इस घटना में शामिल निहंग श्रद्धालु 16 जून को कर्णप्रयाग बाजार में एक घटना के बाद गिरफ्तार किये गये निहंगों को छोड़े जाने की मांग कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, निहंग गुरुद्वारे के प्रबंधक को भी अपने साथ ले गए और उनके पास भाला, तलवार, कुल्हाड़ी और कृपाण जैसे शस्त्र हैं।
पुलिस ने बताया कि मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है और निहंग श्रद्धालुओं से बात कर उन्हें नीचे आने के लिए मनाने के प्रयास जारी हैं।
रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हुए हैं।
श्री हेमकुंड साहिब गुरुद्वारे में 16 जून को मत्था टेककर वापस आ रहे कुछ निहंग सिखों का कर्णप्रयाग बाजार में कृष्णा पैलेस होटल के पास वाहन खड़ा करने को लेकर स्थानीय लोगों से विवाद हो गया था जिसके बाद उन्होंने कथित रूप से तलवार से हमला कर चार लोगों को घायल कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, झड़प में एक सिख श्रद्धालु भी चोटिल हुआ था और घटना के संबंध में पंजाब के मोहाली जिले के रहने वाले चार सिख श्रद्धालुओं को गिरफ्तार भी किया गया था।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को पंजाब से आए कुछ निहंग सिखों ने कर्णप्रयाग की घटना में एकतरफा कार्रवाई के विरोध में रविवार को प्रस्तावित धरना प्रदर्शन में शामिल होने के लिए नगरासू गुरुद्वारे के प्रबंधकों से सहयोग की अपील की थी।
निहंगो ने अपेक्षा के अनुरूप सहयोग न मिलने पर शनिवार शाम को नगरासू गुरुद्वारे में हंगामा शुरू कर दिया और तोड़फोड़ के बाद प्रबंधक को लेकर गुरुद्वारे की छत पर चढ़े तथा नारेबाजी करने लगे।
भाषा सं दीप्ति जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


