उत्तराखंड: ऊधमसिंह नगर जिले में ‘ओवरटेक’ विवाद में रोडवेज बस पर पथराव, चालक से मारपीट
उत्तराखंड: ऊधमसिंह नगर जिले में ‘ओवरटेक’ विवाद में रोडवेज बस पर पथराव, चालक से मारपीट
रुद्रपुर, दो अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर में ओवरटेक करने को लेकर हुए विवाद में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने एक रोडवेज बस के चालक को अपशब्दे कहे और उसकी पिटाई कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी युवकों ने बाद में अपने साथियों के साथ बस का पीछा किया और कुछ दूरी पर वाहन को रोककर पथराव किया, जिससे यात्रियों की जान मुश्किल में पड़ गयी।
पुलिस के मुताबिक, घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-74 पर बुधवार दोपहर उस समय हुई ,जब टनकपुर से हरिद्वार जा रही उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस के चालक की बगल से गुजर रही मोटरसाइकिल पर सवार युवकों से ओवरटेक करने को लेकर कहासुनी हो गयी।
पुलिस ने बताया कि गदरपुर पहुंचते ही बाइक सवार युवकों ने बस रुकवाकर चालक को अपशब्द कहे और उसकी पिटाई कर दी।
पुलिस के मुताबिक, मौके पर मौजूद लोगों ने मामला शांत कराया लेकिन आरोपी युवक बाद में अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मडैया रत्ना के पास पहुंचे और फिर से बस को रोकने की कोशिश की।
पुलिस ने बताया कि चालक द्वारा बस न रोकने पर युवकों ने पथराव कर दिया, जिससे वाहन के शीशे टूट गये और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के मुताबिक, इसके बाद चालक बस को लेकर सीधे दोराहा चौकी पहुंचा और घटना की जानकारी पुलिसकर्मियों को दी।
पुलिस ने बताया कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
कोतवाली प्रभारी संजय पाठक ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं दीप्ति जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


