देहरादून, 31 जुलाई (भाषा) ‘‘सॉरी मम्मी… मैं जा रही हूं। पिछले छह महीने से मैं यह सब सह रही हूं, अब मुझसे और सहा नहीं जा रहा। ये लोग कभी नहीं बदल सकते। मुझे लगा था कि अब सब ठीक हो जाएगा…फिर लगा बाद में ठीक हो जाएगा, लेकिन ये लोग मुझे हर दिन ‘मनहूस’ कहते हैं।’
उत्तराखंड में सरकारी स्कूल की शिक्षिका सृष्टि कंडारी के सोशल मीडिया पर सामने आए एक कथित वीडियो के आखिरी शब्द यही हैं। सृष्टि की देहरादून के हर्रावाला क्षेत्र में स्थित उसकी ससुराल में 29 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।
आरोप है कि वह अपने पति सौरभ खत्री सहित ससुराल के अन्य लोगों की प्रताड़ना से परेशान थीं। करीब 30 वर्षीय सृष्टि ने वीडियो में कहा कि वह ससुराल में हो रही प्रताड़ना से पैदा हुई मानसिक पीड़ा और तनाव को अब और नहीं सह पा रही हैं।
पुलिस के अनुसार, सृष्टि बुधवार सुबह ससुराल के घर के एक कमरे में फंदे से लटक गई जिसके बाद उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस बीच, पुलिस ने सृष्टि की संदिग्ध मौत के मामले में उत्तराखंड सचिवालय में कार्यरत उसके पति खत्री, उसकी मां परवीना देवी और बहन चारू के खिलाफ दहेज मृत्यु का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की मां सीमा कंडारी की शिकायत पर डोईवाला पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
सृष्टि टिहरी जिले के एक सरकारी विद्यालय में शिक्षिका के पद पर तैनात थीं और उनकी शादी पिछले वर्ष नवंबर में खत्री से हुई थी।
पुलिस को दी शिकायत में सृष्टि की मां ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज की मांग और अन्य बातों को लेकर मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल वाले सृष्टि का लगातार अपमान करते थे और उसे रोजाना ‘मनहूस’ कहकर ताने देते थे।
शिकायत के अनुसार, सृष्टि का पति और अन्य ससुराल वाले परिवार के एक सदस्य की कुछ दिनों पहले हुई मृत्यु के लिए भी उसे ही जिम्मेदार ठहरा रहे थे और कह रहे थे कि शादी के बाद उसके घर में आने के बाद से ही सब अनिष्ट हो रहा है।
सीमा कंडारी ने शिकायत में सौरभ खत्री और उसके परिवार पर अपनी बेटी की ‘हत्या’ का आरोप लगाते हुए उन्हें तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है।
भाषा दीप्ति आशीष
आशीष