प्रधानमंत्री मोदी को उज्बेकिस्तान का शीर्ष सम्मान भारत के बढ़ते वैश्विक कद का प्रतीक : भाजपा
प्रधानमंत्री मोदी को उज्बेकिस्तान का शीर्ष सम्मान भारत के बढ़ते वैश्विक कद का प्रतीक : भाजपा
नयी दिल्ली, 30 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी(भाजपा)ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च राजकीय सम्मान दिए जाने को ‘हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण’ करार देते हुए रविवार को कहा कि यह उनके नेतृत्व और भारत के बढ़ते प्रभाव की ‘वैश्विक मान्यता’ को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री मोदी को रविवार को उज्बेकिस्तान के प्रतिष्ठित सम्मान ‘ओली दराजाली दोस्तलिक’ से नवाजा गया। उन्होंने यह सम्मान भारत और उज्बेकिस्तान के अटूट संबंधों को समर्पित किया।
मोदी व्यापार, स्वच्छ ऊर्जा, संपर्क समेत कई क्षेत्रों में संबंधों को और मजबूत करने के लिए उज्बेकिस्तान के दो दिवसीय दौरे पर हैं।
प्रधानमंत्री को यह सम्मान उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने प्रदान किया।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री को सम्मान मिलने पर बधाई देते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में कहा, ‘‘ प्रत्येक भारतीय के लिए यह गर्व का एक शानदार क्षण है, क्योंकि कूटनीति का ‘मोदी सिद्धांत’ नयी ऊंचाइयों को छू रहा है, ‘ग्लोबल साउथ’ की आवाज को मजबूत कर रहा है और देशों के बीच संबंधों को मजबूत करके मानवता के कल्याण के हमारे सभ्यतागत लक्ष्य को आगे बढ़ा रहा है।’’
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रधानमंत्री मोदी के ‘दूरदर्शी नेतृत्व’ और भारत तथा उज्बेकिस्तान के बीच लंबे समय से चली आ रही मित्रता को और प्रगाढ़ करने की उनकी ‘दृढ़ कोशिशों’ को मान्यता है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘यह भारत के बढ़ते वैश्विक रुतबे, प्रभाव और दुनिया भर में ‘नए भारत’ द्वारा बनाई जा रही मजबूत साझेदारियों की गर्व भरी पुष्टि भी है। यह 1.4 अरब भारतीयों के लिए बहुत गर्व का क्षण है।’’
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि यह सम्मान भारत-उज्बेकिस्तान की दोस्ती को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की ‘निरंतर कोशिशों’ को मिली मान्यता है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को विदेशी नेताओं के लिए उज्बेकिस्तान के सर्वोच्च सम्मान ‘ओली दराजाली दोस्तलिक’ से सम्मानित होते हुए देखकर खुशी हुई। पूरा विश्वास है कि यह सम्मान और यह ऐतिहासिक यात्रा हमारे संबंधों को नयी गति देगी।’’
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इस घटनाक्रम पर टिप्पणी करते हुए कहा, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को उज्बेकिस्तान के सर्वोच्च राजकीय सम्मान ‘ओली दराजाली दोस्तलिक’ से सम्मानित किया जाना हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है।’’
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को दिया गया यह 36वां अंतरराष्ट्रीय राजकीय सम्मान उनके नेतृत्व और भारत की बढ़ती वैश्विक पहचान को दर्शाता है, साथ ही यह भारत और उज्बेकिस्तान के बीच दोस्ती और साझेदारी के मजबूत रिश्ते का भी जश्न है।’’
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ‘एक्स’ पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिलना भारत-उज्बेकिस्तान संबंधों को मजबूत करने की उनकी कोशिशों को दर्शाता है और भारत के ‘‘बढ़ते वैश्विक रुतबे’ को रेखांकित करता है।
केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी के लिए 35वां वैश्विक सम्मान है, जो उनके नेतृत्व, वैश्विक शांति के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और विकास के दृष्टिकोण के लिए दुनिया की प्रशंसा को दर्शाता है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘भारत के वैश्विक उदय को मान्यता मिली है! यह 140 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व का क्षण है और भारत तथा उज्बेकिस्तान के बीच अटूट दोस्ती का प्रमाण है।’’
भाजपा के कई अन्य नेताओं ने भी मोदी को उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च राजकीय सम्मान दिए जाने की सराहना की।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह मोदी के ‘दूरदर्शी नेतृत्व’ और भारत तथा उज़्बेकिस्तान के बीच ‘दोस्ती और रणनीतिक साझेदारी के ऐतिहासिक संबंधों’ को और मजबूत करने की उनकी दृढ़ कोशिशों को दर्शाता है।
योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर कहा,‘‘यह हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है और वैश्विक मंच पर ‘नए भारत’ की बढ़ती साख की एक और पहचान है। भारत की वैश्विक साझेदारियों को मजबूत करने में माननीय प्रधानमंत्री जी की निरंतर सफलता की कामना करता हूं।’’
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप

Facebook


