वैष्णो देवी ‘नकली चांदी चढ़ावा’ विवाद: अदालत ने जांच पूरी करने के लिए और समय दिया

वैष्णो देवी ‘नकली चांदी चढ़ावा’ विवाद: अदालत ने जांच पूरी करने के लिए और समय दिया

वैष्णो देवी ‘नकली चांदी चढ़ावा’ विवाद: अदालत ने जांच पूरी करने के लिए और समय दिया
Modified Date: September 22, 2026 / 09:45 pm IST
Published Date: September 22, 2026 9:45 pm IST

जम्मू, 22 सितंबर (भाषा) जम्मू की एक अदालत ने वैष्णो देवी मंदिर में ‘नकली चांदी’ का चढ़ावा चढ़ाए जाने से जुड़े कथित मामले की जांच पूरी करने के लिए और समय देने का जांच अधिकारी का आग्रह स्वीकार कर लिया है।

जांच अधिकारी ने जरूरी दस्तावेजों और सीसीटीवी फुटेज की जांच किए जाने की आवश्यकता बताते हुए मामले की पड़ताल के लिए अतिरिक्त समय देने का अनुरोध किया था।

जम्मू के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने अधिवक्ता दीपक शर्मा की शिकायत पर आधारित मामले की सुनवाई करते हुए 19 सितंबर को यह आदेश दिया।

शिकायत में प्राथमिकी दर्ज करने और मंदिर में श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाए गए करीब 20 टन चांदी के चढ़ावे में कथित मिलावट, हेराफेरी, चोरी और गबन की निष्पक्ष, व्यापक और वैज्ञानिक जांच की मांग की गई है। बताया गया है कि इस चांदी की कीमत करीब 550 करोड़ रुपये है।

आरोपों की जांच कर रहे पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) ने मामले में वस्तुस्थिति रिपोर्ट दाखिल करते हुए जांच पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय देने का अनुरोध किया।

वस्तुस्थिति रिपोर्ट के मुताबिक, जांच में बड़ी मात्रा में दस्तावेजी और इलेक्ट्रॉनिक सामग्री की पड़ताल किए जाने की जरूरत है, जिनमें सीसीटीवी फुटेज, अधिकारियों के बयान और चांदी के रखरखाव, भंडारण व परिवहन से जुड़े रिकॉर्ड शामिल हैं।

डीएसपी ने कहा कि अंतिम रिपोर्ट सौंपने से पहले सामग्री की विस्तृत जांच और परस्पर मिलान की आवश्यकता है।

अदालत ने कहा, “जांच अधिकारी ने जांच पूरी करने के लिए कुछ और समय मांगा है। रिपोर्ट में बताए गए तथ्यों/आधारों के आधार पर जांच अधिकारी को जांच आगे बढ़ाने के लिए और समय दिया जाता है।”

अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 10 अक्टूबर की तारीख तय की।

भाषा पारुल दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में