वंदे मातरम् विवाद : मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पदाधिकारियों का इस्तीफा मांगा, पटवारी ने किया पलटवार
वंदे मातरम् विवाद : मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पदाधिकारियों का इस्तीफा मांगा, पटवारी ने किया पलटवार
भोपाल/इंदौर, 11 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर में दो महिला पार्षदों के राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ गाने से इनकार को लेकर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए शनिवार को कहा कि यह ऐसा मामला है जिस पर प्रमुख विपक्षी दल की प्रदेश इकाई के सभी पदाधिकारियों को इस्तीफा दे देना चाहिए।
उधर, कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर इस विवाद को सांप्रदायिक रंग देकर बुनियादी मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया और कहा कि उसे देशभक्ति के लिए भाजपा के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है।
मुख्यमंत्री यादव ने भोपाल में एक बयान में कहा,‘‘बड़े दुर्भाग्य के साथ कहना पड़ रहा है कि कांग्रेस की पार्षद ने इंदौर नगर निगम के सम्मेलन में वंदे मातरम् गाने से इनकार किया और बड़ी बेशर्मी के साथ कहा कि मैं (राष्ट्रीय गीत) नहीं गाऊंगी। यह कांग्रेस का चरित्र बता रहा है।’’
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से इस मामले में स्पष्टीकरण देने की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को यह बताना चाहिए कि विपक्षी दल इस तरह के लोगों को प्रोत्साहित क्यों करता है।
इंदौर नगर निगम के बजट सम्मेलन के दौरान आठ अप्रैल को कांग्रेस की पार्षद फौजिया शेख अलीम ने इस्लामी मान्यताओं का हवाला देते हुए ‘वंदे मातरम्’ गाने से इनकार कर दिया था। निर्दलीय चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस में शामिल होने वाली एक अन्य पार्षद रुबीना इकबाल खान ने भी फौजिया के इस रुख का समर्थन करते हुए राष्ट्रीय गीत गाने से मना कर दिया था।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इस मामले में पूरी प्रदेश कांग्रेस इकाई को इस्तीफा दे देना चाहिए। कांग्रेस अपने दोहरे चरित्र से बाहर नहीं निकल पा रही है। इंदौर की महिला पार्षदों ने बेशर्मी की हद पार कर दी है।’’
यादव ने इस मामले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी पर चुप्पी साधने का आरोप लगाते हुए कहा,’कांग्रेस पार्षद की टिप्पणी पर पटवारी का क्या कहना है? अगर इस पर पटवारी और कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर पाते, तो सभी को इस्तीफा दे देना चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वंदे मातरम् के छह छंदों को लेकर पूरे देश का दिल जीत चुके हैं। लेकिन कांग्रेस अपने दोहरे चरित्र से बाहर नहीं आ पा रही। कांग्रेस ने आजादी के पहले से वंदे मातरम् पर बखेड़ा खड़ा किया। उनकी (कांग्रेस) सरकार ने इसके पांच छंदों को ही गायब कर दिया था।’’
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने मुख्यमंत्री पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रमुख विपक्षी दल को देशभक्ति के लिए भाजपा के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है। उन्होंने इंदौर में संवाददाताओं से कहा,‘‘राष्ट्रीय गीत और संविधान कांग्रेस की आत्मा है। राष्ट्रीय गीत का सम्मान सबको करना चाहिए।’’
पटवारी ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ गाने से दोनों महिला पार्षदों का इनकार उन्हें भी अच्छा नहीं लगा।
उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ को लेकर महिला पार्षदों की बयानबाजी को गंभीरता से लेते हुए मामले को कांग्रेस की अनुशासन समिति के पास भेजा गया है और पार्टी ‘सही समय पर’ निर्णय करेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा ने इंदौर नगर निगम के सम्मेलन के दौरान ‘वंदे मातरम्’ विवाद को साजिश के तहत सांप्रदायिक तूल दिया ताकि शहर में दूषित पेयजल से कई लोगों की मौत, स्थानीय प्रशासन के कथित भ्रष्टाचार और अन्य बुनियादी मुद्दों पर परदा डाला जा सके।
भाषा
ब्रजेन्द्र, हर्ष रवि कांत

Facebook


