उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन 19-20 अप्रैल को श्रीलंका का दौरा करेंगे

Ads

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन 19-20 अप्रैल को श्रीलंका का दौरा करेंगे

  •  
  • Publish Date - April 18, 2026 / 03:39 PM IST,
    Updated On - April 18, 2026 / 03:39 PM IST

नयी दिल्ली, 18 अप्रैल (भाषा) उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 19 से 20 अप्रैल तक श्रीलंका की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। उपराष्ट्रपति कार्यालय ने शनिवार को यह जानकारी दी।

राधाकृष्णन इस यात्रा के दौरान श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके से मुलाकात करेंगे।

आधिकारिक बयान के अनुसार, उपराष्ट्रपति 19 अप्रैल को श्रीलंका की प्रधानमंत्री हरिणी अमरसूर्या और अन्य गणमान्य व्यक्तियों से भी मुलाकात करेंगे।

राधाकृष्णन, भारतीय मूल के तमिल समुदाय के नेताओं और श्रीलंका के उत्तरी व पूर्वी क्षेत्रों के तमिल नेताओं से भी बातचीत करेंगे।

उपराष्ट्रपति शाम के समय कोलंबो में एक सामुदायिक कार्यक्रम में भारतीय प्रवासी समुदाय को संबोधित करेंगे, जहां वे भारतीय आवास परियोजना के तीसरे चरण के तहत भारत सरकार की सहायता से निर्मित तमिल समुदायों के लाभार्थियों को घरों की चाबियां सौंपेंगे।

बयान में बताया गया कि इसके साथ ही तमिल समुदायों के लिए घरों की कुल संख्या 50,000 हो जाएगी और परियोजना के चौथे चरण में 10,000 अन्य घरों का निर्माण किया जा रहा है।

उपराष्ट्रपति 20 अप्रैल को नुवारा एलिया की यात्रा करेंगे, भारतीय आवास परियोजनाओं का दौरा करेंगे और स्थानीय तमिल समुदाय के साथ बातचीत करेंगे।

भाषा जितेंद्र पवनेश

पवनेश