विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, टीवीके प्रमुख की मुख्य टीम को मंत्रिमंडल में मिली जगह

विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, टीवीके प्रमुख की मुख्य टीम को मंत्रिमंडल में मिली जगह

विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, टीवीके प्रमुख की मुख्य टीम को मंत्रिमंडल में मिली जगह
Modified Date: May 10, 2026 / 12:53 pm IST
Published Date: May 10, 2026 12:53 pm IST

(तस्वीरों के साथ जारी)

चेन्नई, 10 मई (भाषा) सी जोसेफ विजय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की मौजूदगी में रविवार को यहां रंगारंग समारोह में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और इसी के साथ ही इस दक्षिणी राज्य में 60 साल में पहली बार द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) से इतर किसी दल की सरकार बनी।

अभिनेता (51) से नेता बने विजय के पहले मंत्रिमंडल में युवा और अनुभवी दोनों तरह के नेता हैं। तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) प्रमुख की मुख्य टीम को भी इसमें जगह मिली है।

विजय ने अपने पहले संबोधन में कहा कि वह किसी राजघराने से नहीं हैं, लेकिन लोगों ने उन्हें स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि वह झूठे वादे कर लोगों को धोखा नहीं देंगे।

उन्होंने कहा कि एक नयी शासन व्यवस्था शुरू हुई है तथा वास्तविक, धर्मनिरपेक्ष एवं सामाजिक न्याय का नया युग आरंभ हो रहा है।

विजय के पिता एस ए चंद्रशेखर और उनकी मां शोभा, शीर्ष अभिनेत्री तृषा तथा बड़ी संख्या में आमंत्रित लोग जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।

विजय ने सरकारी फाइलों पर पहली बार हस्ताक्षर करते हुए घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष बल गठित करने को मंजूरी दी।

राज्यपाल आर वी आर्लेकर ने विजय और उनके मंत्रिमंडल के नौ सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वाले मंत्रियों में द्रविड़ राजनीति के अनुभवी नेता के ए सेंगोट्टैयन और युवा चेहरे डॉ. टी के प्रभु तथा एस कीर्तना शामिल हैं।

टीवीके कार्यकर्ताओं की लगातार गूंजती सीटियों के बीच विजय ने ईश्वर के नाम पर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके मंत्रियों ने भी ईश्वर के नाम पर शपथ ली जो पूर्ववर्ती द्रमुक सरकार के अधिकतर मंत्रियों के शपथ ग्रहण से अलग रहा।

टीवीके नेता आधव अर्जुन, एन आनंद, आर निर्मल कुमार, के जी अरुणराज और सेंगोट्टैयन ने मंत्री पद की शपथ ली। इन सभी को विजय की करीबी टीम का सदस्य माना जाता है।

आमतौर पर सफेद कमीज और खाकी पतलून में नजर आने वाले विजय रविवार को शपथ ग्रहण समारोह में अलग अंदाज में दिखे। उन्होंने सफेद कमीज और गहरे रंग की पतलून के साथ कोट पहना था।

उनके अधिकतर मंत्रिमंडलीय सहयोगी भी कमीज और पतलून में नजर आए। इस तरह टीवीके मंत्रिमंडल की पोशाक भी सामान्य परंपरा से अलग दिखी। इससे पहले तमिलनाडु में पुरुष नेता ऐसे अवसरों पर आम तौर पर सफेद धोती और सफेद कमीज पहने नजर आते रहे हैं।

विजय के माता-पिता उनके बेटे को पहले ही चुनाव में राजनीतिक शिखर पर पहुंचते देख बेहद खुश और भावुक नजर आए। विजय ने तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के गठन के दो साल बाद यह चुनाव जीता।

रविवार के शपथग्रहण समारोह के साथ ही द्रविड़ राजनीति के गढ़ तमिलनाडु में करीब 60 साल में पहली बार द्रमुक और अन्नाद्रमुक से इतर किसी दल की सरकार बनी।

करीब एक घंटे तक चले कार्यक्रम के अंत में विजय ने मंच पर मौजूद राहुल गांधी और अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगियों एवं अन्य लोगों के साथ सेल्फी ली।

कार्यक्रम के दौरान जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम उत्साह से सराबोर दिखा जहां हजारों लोग अपने ‘थलपति’ (कमांडर) को ‘मुथलमाइचर’ यानी मुख्यमंत्री बनते देखने के लिए एकत्र हुए थे।

यहां हर तरफ कठिन संघर्ष के बाद मिली जीत के जश्न का माहौल था।

समारोह स्थल के भीतर माहौल बेहद उत्साहपूर्ण दिखा।

सुबह से ही पहुंच रही भीड़ की भावनाओं को व्यक्त करते हुए एक समर्थक ने कहा, ‘‘हम थलपति की वजह से बहुत खुश हैं।’’

टीवीके के चुनाव चिह्न सीटी की आवाजें चारों ओर गूंज रही थीं, वहीं समर्थक अपने नेता के सत्ता में आने का जश्न मनाते हुए पीले रंग की प्रधानता वाले पार्टी के शॉल लहरा रहे थे।

अभिनेत्री सनम शेट्टी ने पत्रकारों से कहा कि यह क्षण तमिलनाडु की राजनीति के लिए एक बड़ी सफलता है।

उन्होंने कहा, ‘‘बहुमत हासिल करने और इतिहास रचने के बावजूद… राजनीतिक समीकरणों में बदलाव से भरा पिछला एक सप्ताह इतना कठिन रहा कि हम चैन से सो नहीं पाए। आज हम अपने प्रिय थलपति जोसेफ विजय के सुरक्षित हाथों में बेहतर तमिलनाडु के सपने के साथ चैन से सो पाएंगे।’’

इस दिन का भावनात्मक महत्व विजय के पिता एस ए चंद्रशेखर के आवास पर सबसे अधिक दिखाई दिया।

विजय की मां शोभा चंद्रशेखर ने नयी जिम्मेदारी को लेकर अपने बेटे पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा, ‘‘विजय इसे अच्छी तरह निभायेगा। मुझे उसपर पूरा विश्वास है।’’

अभिनेत्री तृषा सहित फिल्म जगत की कई हस्तियां समारोह में शामिल हुईं। यह समारोह संयोग से मातृ दिवस के दिन हुआ और कई परिजनों तथा समर्थकों ने इसे ‘‘तमिलनाडु के सच्चे बेटे’’ के लिए एक अच्छी शुरुआत बताया।

भाषा

सिम्मी राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में