हिरासत में प्रताड़ना के आरोप में थाने के सामने ग्रामीणों का प्रदर्शन, जांच शुरू
हिरासत में प्रताड़ना के आरोप में थाने के सामने ग्रामीणों का प्रदर्शन, जांच शुरू
भुवनेश्वर, 26 मई (भाषा) ओडिशा के कटक जिले में ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को हिरासत में प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए बारंगा थाने के सामने विरोध-प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
ग्रामीणों का आरोप है कि बारंगा थाना क्षेत्र के चंडी प्रसाद गांव के रहने वाले राकेश बेहेरा ने अपनी पत्नी की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर प्रताड़ित किया।
अधिकारियों ने बताया कि महिला 15 मई से लापता थी और बेहेरा ने अगले दिन पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद, 21 मई को पुलिस को काठजोड़ी नदी के किनारे एक महिला का शव मिला था।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने बेहेरा पर उस शव को अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार करने का दबाव बनाया और उसके साथ ‘मारपीट’ की, जिसके कारण उसे कटक के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
इस बीच, एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बेहेरा की पत्नी जीवित मिली है और वह नयी दिल्ली में रह रही है।
भाषा
सुमित सुरेश
सुरेश

Facebook


