रक्तदान के बदले ओंकारेश्वर में ‘वीआईपी दर्शन’, शिवभक्त हर हफ्ते दे रहे 200 यूनिट तक खून

Ads

रक्तदान के बदले ओंकारेश्वर में ‘वीआईपी दर्शन’, शिवभक्त हर हफ्ते दे रहे 200 यूनिट तक खून

  •  
  • Publish Date - July 2, 2026 / 12:39 PM IST,
    Updated On - July 2, 2026 / 12:39 PM IST

खंडवा, दो जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में भगवान शिव के ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में प्रशासन की अनूठी पहल के तहत रक्तदान करने वाले श्रद्धालुओं को ‘वीआईपी दर्शन’ का पास दिया जा रहा है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार इस व्यवस्था से प्रशासन को हर सप्ताह 150 से 200 यूनिट खून मिल रहा है, जबकि शिवभक्त लंबी कतारों से बचकर अपने परिवार के साथ शीघ्र दर्शन कर पा रहे हैं।

जिलाधिकारी ऋषव गुप्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हमने देखा कि अस्पतालों में मरीजों के लिए खून की मांग बढ़ती जा रही है। रक्तदान शिविरों में मिलने वाला खून खासकर आपातकालीन वॉर्ड में भर्ती मरीजों के लिए पर्याप्त नहीं होता।’’

गुप्ता ने कहा, ‘‘इन हालात के मद्देनजर हमने रक्तदान को ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में वीआईपी दर्शन से जोड़ा ताकि श्रद्धालुओं को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा सके।’’

जिलाधिकारी ने बताया, ‘‘श्रद्धालुओं ने इस पहल को हमारी उम्मीद से कहीं अधिक समर्थन दिया। हम देख रहे हैं कि हमें ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं से प्रत्येक सप्ताह 150 से 200 यूनिट खून मिल रहा है।’’

अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण लोगों को ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में आमतौर पर तीन से चार घंटे तक कतार में खड़ा होना पड़ता है, लेकिन रक्तदान करके वे ‘वीआईपी पास’ हासिल कर सकते हैं और अपने पूरे परिवार समेत तुरंत दर्शन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि रक्तदान करने वाले श्रद्धालुओं को इसके प्रमाण पत्र के साथ ही मंदिर का प्रसाद और भगवान ओंकारेश्वर की तस्वीर भेंट के तौर पर दी जाती है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. ओपी जुगतावत ने बताया कि इस पहल से जहां स्थानीय ब्लड बैंक में खून की किल्लत दूर हो गई है, वहीं आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं का रक्त आस-पास के जिलों में भर्ती रोगियों की जान बचाने में भी मददगार साबित हो रहा है।

भाषा सं. हर्ष वैभव

वैभव