Reported By: Nasir Gouri
,Gwalior Laddu Gopal Idol Missing/Photo Credit: AI Image
Gwalior Laddu Gopal Idol Missing: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और आम लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। यहां पुलिस ने पांच महीने पहले गुम हुई लड्डू गोपाल की मूर्ति को खोजने के लिए विशेष जांच दल यानी SIT का गठन किया है। तीन थानों की पुलिस इस अनोखे मिशन में जुटी हुई है।
ग्वालियर पुलिस (Gwalior Police SIT) इन दिनों एक बेहद अलग और भावनात्मक मिशन पर काम कर रही है। शहर की रहने वाली विजया शर्मा और माधवी शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने लड्डू गोपाल की गुमशुदगी की जांच के लिए SIT बनाई है। बताया जा रहा है कि करीब पांच महीने पहले विजया शर्मा सब्जी खरीदने बाजार गई थीं। इसी दौरान उनके साथ रहने वाली लड्डू गोपाल की मूर्ति कहीं गुम हो गई। उन्होंने अपने लड्डू गोपाल को ढूंढने के लिए थाने से लेकर सीएसपी, एसएसपी और आईजी कार्यालय तक कई बार गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन थानों की टीम बनाकर जांच शुरू कर दी है।
Gwalior Laddu Gopal Idol Missing लड्डू गोपाल की भक्त विजया शर्मा ने कहा कि जब से लड्डू गोपाल गुम हुए हैं, वे मेरे सपनों में आते हैं… कहते हैं कि मैं कष्ट में हूं, मेरे हाथ में चोट लगी है, मुझे यहां से ले जाओ। माधवी शर्मा बताती हैं कि यह मूर्ति करीब 40 साल पुरानी है। उनकी मां इसे ओंकारेश्वर से लेकर आई थीं। मां के निधन के बाद यही मूर्ति उनके लिए मां की सबसे बड़ी निशानी बन गई। परिवार जहां भी जाता था, लड्डू गोपाल को अपने साथ लेकर जाता था। विजया शर्मा हर साल उन्हें राखी भी बांधती थीं। अब परिवार ने घोषणा की है कि जो भी उनके लड्डू गोपाल को सुरक्षित वापस लाएगा, उसे पांच हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।
Gwalior Laddu Gopal Idol Missing पांच महीने से विजया और माधवी का दर्द फाइलों में घूम रहा था। थाने से CSP, CSP से SSP, SSP से IG… हर दरवाजे पर एक ही फरियाद, मेरा कान्हा लौटा दो। आंसुओं से भीगी इस अर्जी ने आखिरकार वर्दी का दिल पिघला दिया और फिर इतिहास बना। ग्वालियर में पहली बार SIT का गठन न किसी कातिल को पकड़ने के लिए हुआ, न लूटे हुए जेवर ढूंढने के लिए। तीन थानों की फोर्स… सिर्फ एक भक्त के कान्हा को खोजने के लिए मैदान में उतरी।
ग्वालियर रेंज IG अरविंद कुमार सक्सेना का कहना है कि ये सिर्फ प्रतिमा का मामला नहीं है। बच्ची के लिए ये उनके परिवार के सदस्य हैं। वो बच्चा बनकर बात करती है। भक्त की पीड़ा देख हमने SIT गठित की है। हमारी कोशिश है कि उनके कान्हा जल्द मिल जाएं।
ग्वालियर में यह मामला सिर्फ एक गुम हुई मूर्ति का नहीं, बल्कि परिवार की आस्था और भावनाओं से जुड़ा है। यही वजह है कि पुलिस भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच कर रही है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि क्या पुलिस इस अनोखे मिशन में लड्डू गोपाल को खोजकर परिवार की आस्था को फिर से लौटा पाएगी।
ये भी पढ़ें