बांग्लादेश के प्रधानमंत्री का भारत दौरा: राष्ट्रपति भवन में पूर्ण अभ्यास की तैयारी

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री का भारत दौरा: राष्ट्रपति भवन में पूर्ण अभ्यास की तैयारी

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री का भारत दौरा: राष्ट्रपति भवन में पूर्ण अभ्यास की तैयारी
Modified Date: August 21, 2026 / 04:19 pm IST
Published Date: August 21, 2026 4:19 pm IST

नयी दिल्ली, 21 अगस्त (भाषा) राष्ट्रपति भवन ने शुक्रवार को संकेत दिया कि बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की आगामी भारत यात्रा तय कार्यक्रम के अनुसार होगी। उनके औपचारिक स्वागत की तैयारियों के तहत राष्ट्रपति भवन ने साप्ताहिक ‘चेंज ऑफ गार्ड’ समारोह को रद्द करने की घोषणा की है ताकि स्वागत समारोह का पूरा अभ्यास किया जा सके।

राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में होने वाले ‘चेंज ऑफ गार्ड’ समारोह (सुरक्षा गार्ड को बदले जाने से जुड़ा एक सैन्य कार्यक्रम) इस शनिवार (22 अगस्त, 2026) को नहीं होगा, क्योंकि बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के औपचारिक स्वागत के लिए पूर्ण अभ्यास किया जाना है।

राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई। यह घोषणा ऐसे समय में की गई है जब 12-13 सितंबर को होने वाले ‘ब्रिक्स’ के शिखर सम्मेलन के लिए रहमान की प्रस्तावित नयी दिल्ली यात्रा को लेकर राजनयिक अनिश्चितता बनी हुई है।

यह अनिश्चितता दोनों पड़ोसी देशों के बीच हालिया तनाव के कारण है, जो ढाका की ओर से अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग किए जाने से पैदा हुई है।

इससे पहले मंगलवार को, भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने ढाका में बांग्लादेशी व्यापारिक नेताओं और भारत से पहुंचे प्रतिनिधिमंडल के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में दोनों देशों के बीच तनाव को कम करने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रहमान की यात्रा को ‘यादगार’ बनाना चाहते हैं।

त्रिवेदी ने कहा था, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने बस एक बात कही है। हमें मिलना चाहिए।’’ हालांकि, ढाका की ओर से सतर्कता भरे संकेत मिल रहे हैं।

सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस को बृहस्पतिवार को दिए गए एक साक्षात्कार में बांग्लादेश के विदेश मामलों के सलाहकार हुमायूं कबीर ने कहा था कि जब तक ‘आपसी भरोसे’ का माहौल नहीं बन जाता और नयी दिल्ली की ओर से ‘सम्मानजनक आमंत्रण’ नहीं मिलता, तब तक रहमान के शिखर सम्मेलन में शामिल होने की संभावना ‘बहुत कम’ है।

भाषा संतोष नरेश

नरेश


लेखक के बारे में