फरीदाबाद में नाबालिग से संबंध के कारण वॉलीबॉल खिलाड़ी की पीट-पीटकर हत्या: पुलिस
फरीदाबाद में नाबालिग से संबंध के कारण वॉलीबॉल खिलाड़ी की पीट-पीटकर हत्या: पुलिस
फरीदाबाद, 23 मई (भाषा) एक नाबालिग लड़की से रिश्ते के कारण राजस्थान के एक वॉलीबॉल खिलाड़ी को लड़की के परिवार ने कथित तौर पर अगवा कर लिया और पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजस्थान के भिवाड़ी के सैदपुर गांव निवासी मोनू (21) के रूप में हुई है, जबकि लड़की फरीदाबाद की निवासी है।
पुलिस ने बताया कि खिलाड़ी के परिवार की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि लड़की के परिवार ने मोनू को अगवा किया, उसे तीन दिन तक घर में बांधकर भूखा रखा और लगातार पीटते रहे। परिवार का यह भी दावा है कि उसे अधमरी हालत में घर से बाहर फेंक दिया गया था।
पुलिस ने बताया कि बाद में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
खिलाड़ी के चाचा नरेंद्र कुमार ने बताया कि मोनू ने वॉलीबॉल में राज्य स्तरीय कई पदक जीते थे और इसी साल उसने 70 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी।
उन्होंने कहा, ‘‘अप्रैल में उसके खिलाफ तिगांव थाने में एक नाबालिग लड़की के अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। हालांकि, लड़की को बाद में बरामद कर लिया गया था। तब से मोनू के खिलाफ पुलिस जांच जारी थी।’’
कुमार के अनुसार मोनू 17 मई को थाने के लिए घर से निकला था।
उन्होंने कहा, ‘‘उसने बताया कि पुलिस को उससे कुछ सवाल पूछने हैं। इसी दौरान लड़की के परिवार ने मोनू को सड़क से अगवा कर लिया। 17 से 20 मई तक उसे प्रताड़ित किया गया। फिर उसे घर से बाहर फेंक दिया गया।’’
कुमार ने कहा, ‘‘उसी दिन हमें पुलिस से सूचना मिली कि मोनू घायल है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। हम तुरंत अस्पताल पहुंचे जहां शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।’’
फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।’’
भाषा सुरभि खारी
खारी

Facebook


