मतदान के रुझान से संकेत मिलता है कि मतदान प्रतिशत 90% तक पहुंच जाएगा : केरल के सीईओ

मतदान के रुझान से संकेत मिलता है कि मतदान प्रतिशत 90% तक पहुंच जाएगा : केरल के सीईओ

मतदान के रुझान से संकेत मिलता है कि मतदान प्रतिशत 90% तक पहुंच जाएगा : केरल के सीईओ
Modified Date: April 9, 2026 / 05:05 pm IST
Published Date: April 9, 2026 5:05 pm IST

तिरुवनंतपुरम, नौ अप्रैल (भाषा) केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) रतन यू. केलकर ने बृहस्पतिवार को कहा कि विधानसभा चुनावों में मतदान का जो रुझान दिख रहा है, उससे संकेत मिलता है कि 90 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी केलकर ने सभी मतदाताओं से आकर अपने अधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया।

उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, “अगर मौजूदा रुझान जारी रहा, तो मतदान समाप्त होने तक हमें पूरा भरोसा है कि 90 प्रतिशत मतदान होगा।”

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, दिन के पहले भाग में मतदान प्रतिशत में लगातार वृद्धि देखी गई, जो सुबह नौ बजे 16.23 प्रतिशत से बढ़कर पूर्वाह्न 11 बजे 33.28 प्रतिशत और अपराह्न एक बजे 49.70 प्रतिशत हो गया।

सीईओ ने कहा कि राज्य के 30,000 से अधिक मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से और आचार संहिता का पालन करते हुए कराया जा रहा है।

केलकर ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) ने भी मतदान प्रतिशत को प्रभावित किया है।

उन्होंने कहा कि मतदान में किसी भी तरह की समस्या की कोई खबर नहीं मिली है, सिवाय दो बूथों के जहां इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की खराबी के कारण मतदान शुरू होने में 30 मिनट की देरी हुई।

सीईओ ने यह भी कहा कि चुनिंदा मतदान केंद्रों पर पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को हलवा दिया जा रहा है ताकि उनका मतदान अनुभव सुखद हो सके।

हालांकि, कोझिकोड में पहली बार मतदान करने वाले कुछ मतदाताओं ने एक टीवी चैनल को बताया कि उन्हें हलवा नहीं मिला और पूछने पर मतदान अधिकारियों ने कहा कि हलवा वहां पहुंचा ही नहीं था।

भाषा प्रशांत पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में