नयी दिल्ली, चार मई (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने फरार मोहम्मद नवाज कक्कट इस्माइल को इंटरपोल रेड नोटिस के तहत संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से सफलतापूर्वक प्रत्यर्पित कराया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस्माइल जबरन वसूली, धोखाधड़ी, गबन, जालसाजी, संगठित अपराध गिरोह का हिस्सा होने आदि के मामले में वांछित था।
सीबीआई के एक प्रवक्ता ने बयान में कहा कि इस्माइल को रविवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लाया गया, जहां दिल्ली पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर, सीबीआई ने इंटरपोल के माध्यम से आरोपी के खिलाफ रेड नोटिस जारी करवाया था।
भाषा शफीक सुभाष
सुभाष