‘आप’ सांसदों का भाजपा में विलय: पंजाब के मुख्यमंत्री राष्ट्रपति मुर्मू से मिलने दिल्ली रवाना

Ads

‘आप’ सांसदों का भाजपा में विलय: पंजाब के मुख्यमंत्री राष्ट्रपति मुर्मू से मिलने दिल्ली रवाना

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 09:06 AM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 09:06 AM IST

चंडीगढ़, पांच मई (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान हाल में राज्यसभा के सात सदस्यों के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के घटनाक्रम पर बातचीत के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने के वास्ते मंगलवार सुबह दिल्ली रवाना हुए।

मान के साथ पार्टी के विधायक भी दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं।

आम आदमी पार्टी (आप) को 24 अप्रैल को उस समय बड़ा झटका लगा जब उसके राज्यसभा के 10 सदस्यों में से सात- राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, राजिंदर गुप्ता, विक्रमजीत साहनी और स्वाति मालीवाल ने यह आरोप लगाते हुए पार्टी छोड़ दी कि ‘आप’ अपने मूल्यों और मूल सिद्धांतों से भटक गई है।

इसके बाद इन सभी ने भाजपा में विलय कर लिया था।

‘आप’ छोड़ने वाले सात सांसदों में से छह पंजाब से थे। मान का दोपहर 12 बजे राष्ट्रपति भवन में मुर्मू से मुलाकात का कार्यक्रम है।

दिल्ली रवाना होते समय, मान ने इस बात पर बल दिया कि ‘आप’ के सभी विधायक एकजुट हैं।

यहां पत्रकारों से बातचीत में मान ने कहा, ‘‘बैठक के लिए केवल मुझे ही समय दिया गया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रपति संविधान की संरक्षक हैं। वह देश की संवैधानिक प्रमुख हैं।’’

इससे पहले विधायक और मंत्री सुबह मुख्यमंत्री के आवास पर जुटे और दिल्ली के लिए रवाना हुए। उनके हाथों में तख्तियां थीं जिन पर लिखा था ‘पंजाब मान दे नाल’ और ‘पंजाब के गद्दार’।

भाषा शोभना खारी

खारी