प्रधानमंत्री का ‘विकसित नेमम’ में स्वागत है: केरल शिक्षा मंत्री मोदी के रोड शो से पहले कहा
प्रधानमंत्री का ‘विकसित नेमम’ में स्वागत है: केरल शिक्षा मंत्री मोदी के रोड शो से पहले कहा
तिरुवनंतपुरम, चार अप्रैल (भाषा) केरल के सामान्य शिक्षा मंत्री एवं नेमम से वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) उम्मीदवार वी शिवनकुट्टी ने निर्वाचन क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों को रेखांकित करते हुए शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘‘विकसित नेमम’’ में स्वागत है।
उनका यह बयान नेमम में प्रधानमंत्री मोदी के प्रस्तावित रोड शो से पहले आया है।
शिवनकुट्टी ने प्रधानमंत्री से समग्र शिक्षा केरल (एसएसके) योजना के तहत लंबित केंद्रीय निधि को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करने का आग्रह किया।
उन्होंने फेसबुक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री किल्लीपालम चौराहे से पप्पनमकोड की ओर रोड शो करेंगे, जिससे वह नेमम में किए गए विकास कार्यों को देख पाएंगे।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता शिवनकुट्टी ने प्रधानमंत्री को “विकसित नेमम” देखने का न्योता भी दिया।
राज्य में नौ अप्रैल को निर्धारित विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए अहम सीट में से एक मानी जा रही नेमम से शिवनकुट्टी मौजूदा विधायक हैं।
उन्होंने चाला में 18 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित नया आईटीआई और समग्र शिक्षा केरल का राज्य कार्यालय समेत रोड शो के प्रस्तावित मार्ग पर स्थित कई परियोजनाओं का जिक्र किया। शिवनकुट्टी ने दावा किया कि समग्र शिक्षा केरल का राज्य कार्यालय केंद्र से कथित तौर पर सहायता नहीं मिलने के बावजूद राज्य सरकार ने तैयार किया है।
उन्होंने करमना चौराहे से प्रवाचंबलम तक करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से कराए गए सड़क विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों व नयी स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का भी जिक्र किया।
उन्होंने यह भी कहा कि समग्र शिक्षा केरल योजना के तहत राज्य को मिलने वाले करीब 1,500 करोड़ रुपये के कथित लंबित भुगतान पर केंद्र को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
शिवनकुट्टी ने कहा कि यह राशि आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्गों के बच्चों के लिए है।
उन्होंने दावा किया कि इस योजना के तहत कार्यरत करीब 7,000 शिक्षकों और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के वेतन का भुगतान फिलहाल राज्य सरकार कर रही है।
भाषा खारी सुरभि
सुरभि

Facebook


