नयी दिल्ली, 22 अगस्त (भाषा) केंद्रीय सरकार स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) ने शनिवार को स्पष्ट किया कि उसके आरोग्य केंद्रों के 27 अगस्त से 31 अगस्त तक नीट-पीजी परीक्षा ड्यूटी के लिए चिकित्सा अधिकारियों की तैनाती के कारण बंद रहने संबंधी नोटिस फर्जी और अनधिकृत है।
सीजीएचएस निदेशालय ने एक परिपत्र में कहा कि सीजीएचएस के नाम और लोगो का इस्तेमाल करके प्रसारित किया जा रहा यह नोटिस ना तो उसके द्वारा जारी किया गया है और ना ही अधिकृत है तथा इसकी सामग्री झूठी है।
निदेशालय ने कहा, ‘‘सीजीएचएस आरोग्य केंद्रों उक्त अवधि में अपने निर्धारित कार्य समय के अनुसार संचालित होंगे।’’
इसमें कहा गया कि आधिकारिक ड्यूटी के लिए सीजीएचएस कर्मियों की किसी भी तैनाती का प्रबंध उचित प्रशासनिक व्यवस्था के तहत किया जाएगा और इससे लाभार्थियों को मिलने वाली सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी।
निदेशालय ने सीजीएचएस के अतिरिक्त निदेशकों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि इस स्पष्टीकरण की जानकारी उनके अधिकार क्षेत्र के सभी आरोग्य केंद्रों और लाभार्थियों तक पहुंचाई जाए। साथ ही उन्हें सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कर्मचारियों और ड्यूटी की व्यवस्था करने तथा यह सुनिश्चित करने को भी कहा गया कि कोई भी सीजीएचएस कार्यालय या अधिकारी उक्त अनधिकृत नोटिस को प्रदर्शित या प्रसारित ना करे।
सीजीएचएस ने लाभार्थियों और आम लोगों से इस नोटिस को नजरअंदाज करने तथा सीजीएचएस से संबंधित जानकारी केवल उसकी आधिकारिक वेबसाइट, ‘माईसीजीएचएस 2.0’ ऐप या संबंधित सीजीएचएस अधिकारियों के माध्यम से सत्यापित करने की अपील की।
निदेशालय ने यह भी कहा कि सीजीएचएस के नाम और लोगो के अनधिकृत इस्तेमाल को गंभीरता से लिया जा रहा है और लोगों से नोटिस के स्रोत या उसके प्रसार के संबंध में उपलब्ध किसी भी जानकारी की सूचना देने को कहा, ताकि उचित कार्रवाई की जा सके।
भाषा अमित पवनेश
पवनेश