पश्चिम बंगाल चुनाव: न्यायाधिकरण की मंजूरी प्राप्त मतदाताओं की सूची प्रकाशित

पश्चिम बंगाल चुनाव: न्यायाधिकरण की मंजूरी प्राप्त मतदाताओं की सूची प्रकाशित

पश्चिम बंगाल चुनाव: न्यायाधिकरण की मंजूरी प्राप्त मतदाताओं की सूची प्रकाशित
Modified Date: April 22, 2026 / 12:47 pm IST
Published Date: April 22, 2026 12:47 pm IST

कोलकाता, 22 अप्रैल (भाषा) निर्वाचन आयोग ने उन मतदाताओं की बूथवार सूचियां जारी की हैं जिनके मामलों का निपटारा न्यायाधिकरणों द्वारा कर दिया गया है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रकार इन मतदाताओं को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में भाग लेने की अनुमति मिल गई है।

चुनाव आयोग ने अपनी वेबसाइट पर दो अलग-अलग सूचियां प्रकाशित कीं – एक उन मतदाताओं की, जिनके नाम न्यायाधिकरण के आदेशों के बाद शामिल किए गए हैं और दूसरी उन लोगों की, जिन्हें अभी भी सूची से बाहर रखा गया है।

हालांकि, शामिल किए गए और हटाए गए कुल नामों की संख्या अभी तक सार्वजनिक नहीं की गई है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘शाम तक व्यापक आंकड़े उपलब्ध होने की उम्मीद है।’’

मतदाता आधिकारिक पोर्टल पर अपने विधानसभा क्षेत्र और बूथ नंबर का चयन करके सूचियां देख सकते हैं। जिन बूथों पर न्यायाधिकरण का कोई निर्णय नहीं हुआ है, वहां नाम सूचीबद्ध नहीं किए गए हैं।

जिन व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में नहीं थे और उन्होंने न्यायाधिकरण से संपर्क किया था, वे अपने ईपीआईसी नंबर का उपयोग करके ऑनलाइन अपनी स्थिति की जांच कर सकते हैं।

अधिकारियों ने बताया कि जिन लोगों के नाम नवीनतम सूची में शामिल किए गए हैं, वे बृहस्पतिवार को होने वाले पहले चरण के मतदान में वोट देने के पात्र होंगे।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में इन मतदाताओं के नाम हटा दिए गए थे, जिसके बाद उन्हें उच्चतम न्यायालय द्वारा निर्दिष्ट न्यायाधिकरणों से संपर्क करने का विकल्प दिया गया था।

उच्चतम न्यायालय ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत प्राप्त विशेष शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए फैसला सुनाया था कि मतदान से दो दिन पहले तक न्यायाधिकरणों द्वारा पात्र घोषित किए गए मतदाताओं को वोट डालने की अनुमति दी जाएगी।

आदेश के अनुरूप, चुनाव आयोग को 152 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए पहले चरण के मतदान से पहले 21 अप्रैल तक सूची प्रकाशित करने के लिए कहा गया था।

अधिकारियों ने बताया कि नए मतदाताओं को शामिल करते हुए एक समेकित मतदाता सूची शाम को जारी की जाएगी और इसका उपयोग पहले चरण के मतदान के लिए किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 142 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को निर्धारित है, और उससे पहले 27 अप्रैल को पात्र मतदाताओं की एक और सूची प्रकाशित की जाएगी।

भाषा

शोभना मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में