कोलकाता, चार मई (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को जारी मतगणना में शुरुआती उतार-चढ़ाव के बाद दक्षिण कोलकाता की चर्चित भवानीपुर सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी पर 19,393 मतों की मजबूत बढ़त बना ली।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, छठे दौर की मतगणना पूरी होने तक बनर्जी को 30,548 मत मिले जबकि अधिकारी को 11,155 मत प्राप्त हुए। इसी के साथ बनर्जी ने उस मुकाबले में बड़ी बढ़त हासिल कर ली जिसमें शुरुआत में कांटे की टक्कर दिख रही थी।
शुरुआती दौर में इस मुकाबले में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। पहले दौर में बनर्जी ने 1,996 मतों की बढ़त बनाई थी। उस दौर में उन्हें 3,666 मत मिले थे जबकि अधिकारी को 1,670 मत प्राप्त हुए थे।
हालांकि, दूसरे दौर में अधिकारी 1,558 मतों के अंतर से आगे हो गए।
तीसरे दौर में बनर्जी ने वापसी करते हुए 898 मतों की बढ़त फिर हासिल की। इसके बाद तीसरे दौर के अंत तक वह 8,482 मतों से आगे हो गईं।
पश्चिम बंगाल की 293 विधानसभा सीट के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना जारी है।
भाषा सिम्मी मनीषा
मनीषा