पश्चिम बंगाल: एनआईए ने भांगड़ विस्फोट मामले में पूर्व विधायक सौकत मोल्ला के घर की तलाशी ली

पश्चिम बंगाल: एनआईए ने भांगड़ विस्फोट मामले में पूर्व विधायक सौकत मोल्ला के घर की तलाशी ली

पश्चिम बंगाल: एनआईए ने भांगड़ विस्फोट मामले में पूर्व विधायक सौकत मोल्ला के घर की तलाशी ली
Modified Date: June 4, 2026 / 09:58 am IST
Published Date: June 4, 2026 9:58 am IST

कोलकाता, चार जून (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने हाल में संपन्न हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भांगड़ में हुए बम विस्फोट की घटना की जांच के तहत बृहस्पतिवार को दक्षिण 24 परगना जिले में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक सौकत मोल्ला के आवास पर छापा मारा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के जवानों के साथ एनआईए की टीम सुबह भांगड़ इलाके के मौखाली में मोल्ला के आवास पर पहुंची और व्यापक तलाशी ली।

सूत्रों के अनुसार करीब 10 वाहनों में पहुंची एनआईए की टीम ने बामुनिया गांव के कई घरों का भी दौरा किया, जहां विस्फोट हुआ था।

एक अधिकारी के अनुसार जब जांच दल पहुंचा, तब मोल्ला घर पर मौजूद नहीं थे। उनके बेटे इमरान मोल्ला को जांचकर्ता परिसर में लाए और तलाशी के दौरान वह एनआईए टीम के साथ रहे।

यह तलाशी भांगड़ के बामुनिया गांव में हुए बम विस्फोट की जांच से जुड़ी है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई थी और कई अन्य घायल हुए थे। इस घटना के बाद इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) ने मामले में एनआईए जांच की मांग की थी।

दक्षिण 24 परगना के दक्षिण बामुनिया गांव में 19 मार्च को एक देसी बम विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। आरोप है कि घटना के समय वहां बम बनाए जा रहे थे।

एजेंसी ने सौकत मोल्ला के कार्यालय की भी तलाशी ली। तलाशी के दौरान ही सौकत मोल्ला की पत्नी और बेटी आवास पर पहुंचीं।

अधिकारियों ने बताया कि जांचकर्ता विस्फोट मामले से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं और जरूरी जानकारी जुटा रहे हैं। इलाके में और आवास के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है तथा स्थानीय पुलिस तैनात की गई है।

इससे पहले, इस विस्फोट की जांच अपने हाथ में लेने के बाद एनआईए मामले में तृणमूल नेता वाहिदुल इस्लाम सहित कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। वाहिदुल इस्लाम के आवास पर भी तलाशी ली गई, साथ ही उन लोगों के घरों का भी दौरा किया गया जो विस्फोट के बाद घायलों को अस्पताल ले गए थे।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘यह कार्रवाई जांच से जुड़े सबूत जुटाने और जानकारी की पुष्टि करने के लिए की जा रही है।’’

केनिंग पूर्व सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके मोल्ला ने 2016 तथा 2021 में चुनाव जीता था। हाल में पश्चिम बंगाल सरकार ने उनकी सुरक्षा वापस ले ली थी।

भाषा

खारी वैभव

वैभव


लेखक के बारे में