बंगाल पुलिस ने आय से अधिक संपत्ति मामले में तृणमूल नेता देबराज चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया

बंगाल पुलिस ने आय से अधिक संपत्ति मामले में तृणमूल नेता देबराज चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया

बंगाल पुलिस ने आय से अधिक संपत्ति मामले में तृणमूल नेता देबराज चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया
Modified Date: July 1, 2026 / 10:31 pm IST
Published Date: July 1, 2026 10:31 pm IST

कोलकाता, एक जुलाई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के नेता एवं बिधाननगर महापौर परिषद के पूर्व सदस्य देबराज चक्रवर्ती को आय से अधिक संपत्ति और कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में बुधवार को पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि चक्रवर्ती को पुरुलिया सदर पुलिस थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

चक्रवर्ती के बारे में यह भी माना जाता है कि उनके तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध है।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘चक्रवर्ती को आज शाम पुरुलिया से हिरासत में लिया गया। उन्हें आज रात शहर लाया जायेगा और कल अदालत में पेश किया जाएगा।’’

चक्रवर्ती और उनकी पत्नी, राजारहाट-गोपालपुर की पूर्व विधायक एवं गायिका अदिति मुंशी के खिलाफ बड़े पैमाने पर अनियमितताओं और बिधाननगर क्षेत्र में भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद जांच शुरू की गई थी।

चक्रवर्ती के खिलाफ मामला भाजपा विधायक तरुण ज्योति तिवारी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद शुरू किया गया था।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि दंपति पर आरोप है कि उन्होंने हाल में संपन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले स्वामित्व को छिपाने के प्रयास में लगभग 100 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों को रिश्तेदारों, सहयोगियों और अन्य व्यक्तियों के नाम पर स्थानांतरित किया।

मुंशी पर यह भी आरोप है कि उन्होंने अपने चुनावी हलफनामे में अपनी संपत्तियों का मूल्य वास्तविक मूल्य से कम दर्शाया था।

चक्रवर्ती और उनकी पत्नी दोनों ने अग्रिम जमानत के लिए कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख किया था।

अदालत ने चक्रवर्ती की याचिका खारिज कर दी जबकि मुंशी को अग्रिम जमानत दे दी।

भाषा

देवेंद्र माधव

माधव


लेखक के बारे में