पश्चिम बंगाल चुनाव : अभिषेक बनर्जी ने पाथरप्रतिमा से प्रचार अभियान की शुरुआत की

पश्चिम बंगाल चुनाव : अभिषेक बनर्जी ने पाथरप्रतिमा से प्रचार अभियान की शुरुआत की

पश्चिम बंगाल चुनाव : अभिषेक बनर्जी ने पाथरप्रतिमा से प्रचार अभियान की शुरुआत की
Modified Date: March 24, 2026 / 08:33 pm IST
Published Date: March 24, 2026 8:33 pm IST

कोलकाता, 24 मार्च (भाषा) तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए दक्षिण 24 परगना जिले के पाथरप्रतिमा से मंगलवार को अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए पांच प्रमुख जनकल्याणकारी वादों का ऐलान किया।

उन्होंने इस सीट को 40,000 से अधिक मतों के अंतर से जीतने का लक्ष्य भी रखा है।

पार्टी उम्मीदवार समीर कुमार जना के समर्थन में चुनाव प्रचार करते हुए टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने कहा कि यह चुनाव भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को “सबक सिखाने” का अवसर होगा। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी राज्य में लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी करेगी।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे ने कहा, ‘‘ इस बार पाथरप्रतिमा में जीत का अंतर 40,000 से अधिक होना चाहिए। ’’

वर्ष 2021 के विधानसभा चुनावों में, टीएमसी ने 22,134 मतों से यह सीट जीती थी। जना 2011 से विधानसभा में इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, जब टीएमसी ने राज्य में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले वाम मोर्चे को सत्ता से बेदखल कर दिया था।

डायमंड हार्बर से लोकसभा सदस्य अभिषेक बनर्जी ने पार्टी के विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं का उल्लेख करते हुए “पांच वादों” की घोषणा की। इनमें लक्ष्मी भंडार योजना को जारी रखना, महिलाओं को आर्थिक सहायता देना, सभी को पक्के मकान उपलब्ध कराना, घर-घर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और हर घर में पाइप से पेयजल उपलब्ध कराना शामिल है, भले ही केंद्र सरकार इसके लिए धनराशि को रोक दे। इसके अलावा, पांच वर्षों के भीतर सभी वरिष्ठ नागरिकों को वृद्धावस्था पेंशन देने का भी वादा किया गया।

उन्होंने कहा कि यदि टीएमसी एक बार फिर बंगाल में सत्ता में आती है तो 30,000 करोड़ रुपये का कृषि बजट पेश किया जाएगा, जिससे ग्रामीण आजीविका मजबूत होगी और किसानों की आय बढ़ेगी।

पाथरप्रतिमा में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उठ रही चिंताओं को स्वीकार करते हुए अभिषेक ने कहा कि पार्टी के घोषणा पत्र में ‘सेबाश्रय’ सुविधाएं हर ब्लॉक में स्थापित करने और स्वास्थ्य सेवाएं घर-घर पहुंचाने का प्रावधान है।

अपने संसदीय क्षेत्र डायमंड हार्बर के अंतर्गत आने वाले पाथरप्रतिमा से चुनाव प्रचार अभियान शुरू करते हुए उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले यह अभियान डायमंड हार्बर में समाप्त होगा।

टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव ने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर एक बार फिर आरोप लगाया कि उसने पश्चिम बंगाल की कई जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए धन रोक दिया है।

अभिषेक बनर्जी ने कहा कि ग्रामीण आवास योजना, 100 दिन का रोजगार कार्यक्रम, सड़क परियोजनाएं, सर्व शिक्षा मिशन और पेयजल योजनाओं के लिए केंद्र ने धनराशि रोक दी है, इसके बावजूद विकास कार्य जारी हैं।

भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश

नरेश


लेखक के बारे में