नाम में क्या रखा है? वरुण ने शेक्सपीयर की याद करा दी
नाम में क्या रखा है? वरुण ने शेक्सपीयर की याद करा दी
विलियम शेक्सपीयर ने अपनी सर्वाधिक लोकप्रिय कृति रोमियो एंड जूलियट में लिखा था- नाम में क्या रखा है? अगर हम गुलाब को गुलाब नहीं बल्कि किसी दूसरे नाम से पुकारें तब भी गुलाब की खुशबू गुलाब जैसी ही होनी है। भाजपा सांसद वरुण गांधी की भी पहचान एक सुशिक्षित राजनेता के रूप में होती है, जो अक्सर लीक से हटकर बयान देने के लिए जाने जाते हैं। उनका हालिया बयान भी काफी चर्चा में है, जिसमें उन्होंने सरनेम के हवाले से वंशवाद पर प्रहार किए हैं और बड़ी बेबाकी के साथ सवाल उठाए हैं.

उत्तर प्रदेश के अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र सुल्तानपुर में एक जनसभा को संबोधित करने के दौरान वरुण गांधी ने वहां मौजूद लोगों से पूछा कि अगर मेरे नाम के आगे गांधी नहीं लगा होता, अगर मेरा नाम फिरोज वरुण गांधी नहीं होता तो क्या मैं मात्र 29 साल की उम्र में लोकसभा सांसद बन पाता? वरुण ने कहा कि सिर्फ राजनीति ही नहीं, बिज़नेस, क्रिकेट और फिल्म जगत में भी यही होता चला आ रहा है। वरुण गांधी ने कहा कि वो इस वंशवाद के खिलाफ हैं, उनकी इच्छा है कि मौकों का समान वितरण होना चाहिए। वरुण गांधी ने कहा कि सभी को समानता का अवसर मिले, हमें ये सुनिश्चित करना होगा।
I am Feroze Varun Gandhi.If my surname was not Gandhi would have I become an MP at the age of 29 years? Want to see an India where it doesn’t matter if I was Varun Dutta or Varun Ghosh or Varun Khan.All must get equal opportunities: BJP MP Varun Gandhi pic.twitter.com/PndmHbHNHi
— ANI (@ANI) November 11, 2017
वरुण गांधी के वंशवाद पर इस बेबाक बोल को हालांकि उनकी पार्टी भाजपा के नेताओं से भी ज्यादा तवज्जो नहीं मिली। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के दिवंगत पिता वेदप्रकाश गोयल भी भाजपा के कोषाध्यक्ष थे। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव से भाजपा सांसद अभिषेक सिंह के पिता डॉ. रमन सिंह राज्य के मुख्यमंत्री हैं। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह उत्तर प्रदेश में विधायक हैं। इसी तरह तमाम राजनीतिक दलों में वंशवाद की पूरी फेहरिस्त है। इसी तरह, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बेटे तेजस्वी यादव और तेजप्रताप यादव, लोकजनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष रामविलास पासवान, भाई रामचंद्र पासवान, बेटे चिराग पासवान सभी सांसद हैं। मुलायम सिंह यादव के परिवार में तो भाई, बहू, भतीजे सभी सांसद हैं और बेटा अखिलेश यादव मुख्यमंत्री रह चुके हैं।
बॉलीवुड में भी परिवारवाद का बोलबाला रहा है। अभिनेता अमिताभ बच्चन के बेटे अभिषेक बच्चन, रणधीर कपूर की बेटियां करिश्मा और करीना, ऋषि कपूर के बेटे रणवीर कपूर, जैकी श्रॉफ के बेटे टाइगर श्रॉफ, शक्ति कपूर की बेटी श्रद्धा कपूर, निर्देशक डेविड धवन के बेटे वरुण धवन जैसे नामों की लंबी फेहरिस्त है।
वेब डेस्क, IBC24

Facebook


