जब भाजपा की जीत होती है तो राहुल गांधी चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगा देते हैं: हिमंत

जब भाजपा की जीत होती है तो राहुल गांधी चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगा देते हैं: हिमंत

जब भाजपा की जीत होती है तो राहुल गांधी चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगा देते हैं: हिमंत
Modified Date: August 8, 2025 / 06:01 pm IST
Published Date: August 8, 2025 6:01 pm IST

गुवाहाटी, आठ अगस्त (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को दावा किया कि जब भी चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत होती है तो कांग्रेस नेता राहुल गांधी चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष पहले कांग्रेस की चुनावी हार के लिए ‘इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन’ (ईवीएम) को दोषी ठहरा रहे थे, लेकिन अब वह वोट चोरी की ओर इशारा कर रहे हैं।

शर्मा ने बृहस्पतिवार को गांधी के उस दावे का जवाब दिया, जिसमें उन्होंने भाजपा और निर्वाचन आयोग के बीच मिलीभगत के जरिये चुनावों में ‘बड़े पैमाने पर आपराधिक धोखाधड़ी’ होने का आरोप लगाया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि देश भर के कई निर्वाचन क्षेत्रों में ‘वोट चोरी मॉडल’ का इस्तेमाल किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने उदलगुड़ी में एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘जब राहुल गांधी चुनाव जीतते हैं, तो सब कुछ ठीक होता है। जब भाजपा जीतती है, तो वह कहते हैं कि कुछ गड़बड़ है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक या तेलंगाना (जहां कांग्रेस सत्ता में है) में कोई ‘वोट चोरी’ नहीं है। जब हम जीतते हैं, तो ‘वोट की चोरी’ होती है।’’

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी ने बृहस्पिवार को नयी दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कर्नाटक के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में एक लाख से अधिक मतदाता फर्जी, डुप्लिकेट या सामूहिक मतदाता पाए गए, जिनके पते अमान्य थे और यहां फार्म-6 का दुरुपयोग करके नए मतदाता बनाए गए थे।

भाषा यासिर सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में