साली से शादी कर ली तो जीजा ने रिश्तेदार को झूठे मामले में फंसाया
साली से शादी कर ली तो जीजा ने रिश्तेदार को झूठे मामले में फंसाया
नयी दिल्ली, दो अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक व्यक्ति को अपने ही रिश्तेदार के किराए के मकान में अवैध हथियार छुपाने और पहचान बदलकर पुलिस को झूठी सूचना देने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने रिश्तेदार को आयुध अधिनियम के मामले में फंसाना चाहता था। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी मोहम्मद वसीम (28) को इस महीने की शुरुआत में दर्ज आयुध अधिनियम के एक मामले की जांच के दौरान शनिवार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, वसीम की साली से उसके रिश्तेदार मोहम्मद अशरफ ने परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी कर ली थी जिसको लेकर वसीम उससे रंजिश रखता था।
पूछताछ के दौरान वसीम ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की लेकिन बाद में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने सीलमपुर के वेलकम इलाके में अशरफ के किराए के मकान में अलग-अलग मौकों पर चोरी-छुपे तीन देसी पिस्तौलें रखी थीं।
वसीम की साजिश का ब्योरा देते हुए पुलिस ने कहा कि आरोपी ने खुद को ‘अर्जुन’ नाम का व्यक्ति बताकर पुलिस को अशरफ के घर में हथियार रखे होने की सूचना दी थी।
इस सूचना के आधार पर पुलिस ने 16 जुलाई को संबंधित ठिकाने पर छापेमारी की और एक देसी पिस्तौल बरामद की। इसके बाद अशरफ के खिलाफ आयुध अधिनियम का मामला दर्ज किया गया।
इसके बाद वसीम ने बार-बार जोर देकर कहा कि अशरफ के घर में और भी हथियार हैं। पुलिस ने फिर से तलाशी ली और दो और देसी पिस्तौलें बरामद कीं, जिसके बाद आयुध अधिनियम का एक और मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि हालांकि, तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच आगे बढ़ाने पर वसीम का पर्दाफाश हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सुंदर नगरी इलाके में मोबाइल फोन की मरम्मत की दुकान चलाने वाले वसीम का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
भाषा सुमित नरेश
नरेश

Facebook


