शिलांग, 14 जून (भाषा) मेघालय के दक्षिण पश्चिम गारो हिल्स जिले में जंगली हाथियों के झुंड ने एक घर को क्षतिग्रस्त कर दिया, हालांकि घटना में छह लोगों का परिवार बाल-बाल बच गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
यह घटना शनिवार रात को भारत-बांग्लादेश सीमा के पास, बेटासिंग सीएंडआरडी ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले जॉयफर गांव में हुई, जहां हाथी केताकी हाजोंग के घर में घुस गए और उसको काफी नुकसान पहुंचाया।
खबरों के अनुसार, हाथियों के झुंड ने रसोईघर को तहस-नहस कर दिया, खाना पकाने के बर्तन तोड़ दिए और उस कमरे में भी तोड़-फोड़ की जहां अनाज और अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था। हालांकि, चार छोटे बच्चों समेत परिवार के सदस्य समय रहते वहां से भागने में सफल रहे और उन्हें कोई चोट नहीं आई।
एक अलग घटना में, अधिकारियों ने बताया कि 11 जून को मॉसिनराम सीएंडआरडी ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले बोर्डू इलाके में एक जंगली हाथी की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि हाथियों का एक झुंड रानीकोर इलाके से आने के बाद मॉसिनराम ब्लॉक के हिस्से से गुज़र रहा है और माना जा रहा है कि अभी वे सोनाटोला इलाके में हैं।
एक वरिष्ठ जिला अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आशंका है कि ये जानवर या तो पड़ोसी देश बांग्लादेश से आए हैं या फिर साउथ गारो हिल्स से।
भाषा
राखी प्रशांत
प्रशांत