अदालत की अवमानना मामलों का कानूनी रूप से मुकाबला करेंगे: एचवाईडीआरएए आयुक्त
अदालत की अवमानना मामलों का कानूनी रूप से मुकाबला करेंगे: एचवाईडीआरएए आयुक्त
हैदराबाद, 27 जुलाई (भाषा) अदालत की अवमानना के मामले में तेलंगाना उच्च न्यायालय की आलोचना का सामना कर रहे एचवाईडीआरएए आयुक्त ए.वी. रंगनाथ ने सोमवार को कहा कि वह अपने खिलाफ दायर अदालत की अवमानना के 63 मामलों का कानूनी रूप से सामना करेंगे।
रंगनाथ ने एक बयान में कहा कि उनके खिलाफ दायर अदालत की अवमानना के सभी 63 मामले प्रभावशाली भूमि अतिक्रमणकारियों द्वारा दायर किए गए हैं। उन्होंने न्यायपालिका पर पूरा विश्वास जताया।
उन्होंने दावा किया, “भूमि माफिया और अतिक्रमणकारी अदालतों को झूठी जानकारी देकर गुमराह कर रहे हैं।”
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रंगनाथ की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब तेलंगाना उच्च न्यायालय ने अदालत की अवमानना से जुड़े एक मामले में उन्हें एचवाईडीआरएए (हैदराबाद आपदा प्रतिक्रिया एवं संपत्ति संरक्षण एजेंसी) आयुक्त के पद से हटाने का आदेश दिया है।
रंगनाथ ने कहा कि उन्होंने संविधान की भावना के अनुरूप कार्य करते हुए लगभग 1.50 लाख करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी परिसंपत्तियों, झीलों और पार्कों की रक्षा की है।
इस बीच, तेलंगाना उच्च न्यायालय ने सोमवार को अदालत की अवमानना के एक मामले में रंगनाथ की ओर से पेश की गई माफी को अस्वीकार करते हुए उन्हें एचवाईडीआरएए आयुक्त के पद से हटाने का आदेश दिया। अदालत ने राज्य सरकार के मुख्य सचिव से कहा कि वह यथाशीघ्र उनके स्थान पर उपयुक्त अधिकारी की नियुक्ति करें।
भाषा
शुभम प्रशांत
प्रशांत

Facebook


