चंडीगढ़, 12 मई (भाषा) पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने कहा है कि रिश्वत से जुड़े मामले में यदि उसके किसी भी कर्मचारी का नाम सामने आता है तो वह केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) का जांच में पूरा सहयोग करेगा। हाल ही में सीबीआई ने रिश्वत मामले के सिलसिले में सतर्कता ब्यूरो के मोहाली स्थित कार्यालय पर छापा मारा था।
राज्य सतर्कता ब्यूरो के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि मामले में सीबीआई ने एक व्यक्ति को पकड़ा है। इस संबंध जांच जारी है।
प्रवक्ता ने कहा, ‘अगर ब्यूरो से किसी का भी नाम सामने आता है, तो हम सीबीआई के साथ पूरा सहयोग करेंगे और कानून अपना काम करेगा।’
सूत्रों के अनुसार, सीबीआई ने मोहाली स्थित पंजाब सतर्कता ब्यूरो के कार्यालय पर देर रात छापेमारी की और इस दौरान एक बिचौलिए को गिरफ्तार किया है। यह व्यक्ति यहां एक होटल में एक मामले को रफा-दफा करने के एवज में पंजाब सतर्कता ब्यूरो के एक अधिकारी के साथ कथित तौर पर सौदा तय करा रहा था।
सूत्रों के अनुसार, इस कार्रवाई के दौरान 13 लाख रुपये की नकदी भी बरामद की गई है।
इस बीच, शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने इस मुद्दे को लेकर राज्य की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तीखा हमला बोला।
मजीठिया ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पंजाब में भ्रष्टाचार अब ऊपर से नीचे तक परत-दर-परत उजागर हो रहा है… कथित तौर पर 20 लाख रुपये के रिश्वत के सौदे की जांच की जा रही है, जिसमें केंद्रीय एजेंसी ने कार्रवाई के दौरान 13 लाख रुपये बरामद किए हैं।’’
उन्होंने कहा कि भगवंत मान को मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
भाषा
प्रचेता नरेश
नरेश