सरकारी बैंकों का शुद्ध लाभ 2025-26 में 11 प्रतिशत बढ़कर 1.98 लाख करोड़ रुपये: वित्त मंत्रालय

Ads

सरकारी बैंकों का शुद्ध लाभ 2025-26 में 11 प्रतिशत बढ़कर 1.98 लाख करोड़ रुपये: वित्त मंत्रालय

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 04:45 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 04:45 PM IST

नयी दिल्ली, 12 मई (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबी) ने वित्त वर्ष 2025-26 में 1.98 लाख करोड़ रुपये का अब तक का सबसे अधिक शुद्ध लाभ दर्ज किया है। वित्त मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि यह लगातार चौथा वर्ष है जब सरकारी बैंक मुनाफे में रहे हैं।

मंत्रालय के अनुसार, परिसंपत्ति की गुणवत्ता में सुधार, ऋण के स्वस्थ विस्तार और आय में वृद्धि ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान सरकारी बैंकों की लाभप्रदता में योगदान दिया।

इस दौरान कुल परिचालन लाभ 3.21 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जबकि कुल शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 11.1 प्रतिशत बढ़कर 1.98 लाख करोड़ रुपये के ऐतिहासिक उच्च स्तर पर रहा।

सरकारी बैंकों का कुल कारोबार 31 मार्च, 2026 तक 283.3 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 12.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। कुल जमा राशि सालाना आधार पर 10.6 प्रतिशत बढ़कर 156.3 लाख करोड़ रुपये रही, जो जमाकर्ताओं के निरंतर भरोसे और बैंकों द्वारा मजबूत संसाधन जुटाने का परिणाम है।

कुल ऋण में सालाना आधार पर 15.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह 127 लाख करोड़ रुपये रहा। यह अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों में ऋण की निरंतर मांग का संकेत है।

मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘‘सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान मजबूत वित्तीय प्रदर्शन जारी रखा, जो निरंतर व्यापार वृद्धि, बेहतर परिसंपत्ति गुणवत्ता, रिकॉर्ड लाभप्रदता और मजबूत पूंजी की स्थिति को दर्शाता है।’’

मंत्रालय ने आगे कहा कि यह बेहतर प्रदर्शन तेजी से बढ़ती भारतीय अर्थव्यवस्था की ऋण आवश्यकताओं को पूरा करने में इन बैंकों की स्थिरता और बढ़ी हुई संस्थागत क्षमता को सिद्ध करता है।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय