उधमपुर जिला प्रशासन ने सेना की नयी वर्दी की अनधिकृत बिक्री पर प्रतिबंध लगाया

Ads

उधमपुर जिला प्रशासन ने सेना की नयी वर्दी की अनधिकृत बिक्री पर प्रतिबंध लगाया

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 04:43 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 04:43 PM IST

जम्मू, 12 मई (भाषा) उधमपुर प्रशासन ने मंगलवार को जिले में भारतीय सेना की नयी केमोफ्लॉज वर्दी की अनधिकृत बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया, ताकि प्रतिरूपण और दुरुपयोग की घटनाओं को रोका जा सके।

यह आदेश वर्दी के दुरुपयोग की खबर सामने आने के बाद जारी किया गया।

केमोफ्लॉज वर्दी सैनिक प्राय: सैन्य अभियान के दौरान पहनते हैं और इसका रंग प्रकृति के रंगों से मिलता-जुलता होता है।

अधिकारियों ने आशंका जताई कि असामाजिक तत्व इसका इस्तेमाल सेना के जवानों का रूप धारण करने के लिए कर सकते हैं।

अधिकारियों के अनुसार ऐसी घटनाएं गंभीर सुरक्षा चिंता पैदा करती हैं और इन्हें कठोरता से रोका जाना जरूरी है।

जिलाधिकारी मिंगा शेरपा ने प्रतिबंध आदेश जारी करते हुए कहा कि उधमपुर में सेना की खासा मौजूदगी है और यह उत्तरी कमान मुख्यालय सहित कई रक्षा प्रतिष्ठानों के करीब स्थित है, जिससे यह मामला विशेष रूप से संवेदनशील हो जाता है।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “प्रशासन की ओर से एक आदेश जारी किया गया है, जिसके तहत भारतीय सेना की नयी केमोफ्लाज वर्दी की बिक्री पर रोक लगाई गई है।”

उन्होंने कहा कि इस कदम का उद्देश्य भेस बदल कर सैन्य कर्मी बनने की घटनाओं को रोकना और यह सुनिश्चित करना है कि अधिकृत सामग्री एवं कपड़े का इस्तेमाल केवल अधिकृत सैन्यकर्मी ही करें, ताकि दुरुपयोग की आशंका समाप्त हो सके।

अधिकारी ने कहा, “यहां सेना से संबंधित कई दुकानें हैं क्योंकि इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में सैन्यकर्मी मौजूद हैं। इसी कारण यह प्रतिबंध लगाया गया है।”

प्रशासन ने निर्देश दिया है कि जिले की कोई भी अनधिकृत दुकान सशस्त्र बलों के जवानों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली नए डिजाइन की वर्दी की बिक्री नहीं करेगी।

प्रवर्तन टीमों को आदेश का कठोरता से पालन सुनिश्चित कराने और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

शेरपा ने कहा, “उधमपुर के संबंधित थाना प्रभावी को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी दुकान ऐसे कपड़े की बिक्री न करे, जिसका इस्तेमाल लोग सेना के जवानों का रूप धारण करने के लिए कर सकें।”

अधिकारियों ने लोगों से भी सतर्क रहने और सेना जैसी वर्दी के अवैध बिक्री या दुरुपयोग की किसी भी घटना की जानकारी तुरंत प्रशासन या पुलिस को देने की अपील की है।

भाषा

राखी माधव

माधव