एनएच-744 को राष्ट्रीय राजमार्ग सूची से हटाने का प्रस्ताव वापस लिया जाए : के. सुरेश

Ads

एनएच-744 को राष्ट्रीय राजमार्ग सूची से हटाने का प्रस्ताव वापस लिया जाए : के. सुरेश

  •  
  • Publish Date - July 24, 2026 / 05:07 PM IST,
    Updated On - July 24, 2026 / 05:07 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 24 जुलाई (भाषा) कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से ‘एनएच-744’ के कोल्लम-चिन्नाकड़ा-एडमन खंड को राष्ट्रीय राजमार्ग की सूची से हटाने के प्रस्ताव को निरस्त करने और इसे चार लेन के राजमार्ग के रूप में विकसित करने का आग्रह किया है।

सुरेश ने ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने गडकरी से मुलाकात कर एनएच-744 के कोल्लम-चिन्नाकड़ा-पुनालूर-एडमन खंड के प्रस्तावित विकास से जुड़े एक ‘‘गंभीर विषय’’ पर चर्चा की।

सांसद ने कहा कि उन्हें जनप्रतिनिधियों, यात्रियों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों की ओर से कई ज्ञापन प्राप्त हुए है जिनमें इस आशंका पर चिंता जताई गई है कि इस खंड को केवल 10 मीटर चौड़ी सड़क के रूप में विकसित कर राष्ट्रीय राजमार्ग की सूची से हटा दिया जाएगा और राज्य सरकार को सौंप दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कोल्लम-एडमन खंड कोट्टारक्करा सहित कई प्रमुख शहरों से होकर गुजरता है और केरल तथा तमिलनाडु को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय मार्ग है।

कांग्रेस नेता के अनुसार गडकरी ने तत्काल भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के दक्षिण भारत क्षेत्र के मुख्य अभियंता को बुलाकर इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा।

सुरेश ने दावा किया कि अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि यह प्रस्ताव केरल की पूर्ववर्ती सरकार की सिफारिश के आधार पर तैयार किया गया था। इस पर उन्होंने गडकरी से कहा कि राज्य में सरकार बदल चुकी है, इसलिए इस पुरानी सिफारिश की नए सिरे से समीक्षा की जानी चाहिए।

सांसद ने कहा कि वह इस पुरानी सिफारिश में संशोधन के लिए केरल सरकार का समर्थन हासिल करने हेतु मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन और लोक निर्माण मंत्री पी. के. बशीर से भी मुलाकात करेंगे।

सुरेश ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी मुलाकात कर कोल्लम-एर्नाकुलम रेलखंड पर भीड़भाड़ कम करने के लिए तिरुवनंतपुरम रेल मंडल को एक अतिरिक्त मेन लाइन इलेक्ट्रिकल मल्टीपल यूनिट (मेमू) रेक आवंटित करने का अनुरोध किया।

उन्होंने दावा किया कि वैष्णव ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों की समीक्षा कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

भाषा खारी नरेश

नरेश