एटा (उप्र), 22 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के एटा शहर में दो महिलाओं ने कार सवार कथित पुलिसकर्मियों पर अपने स्कूटर का पीछा करने, टक्कर मारने और अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
यह घटना बृहस्पतिवार शाम को कोतवाली नगर क्षेत्र में हुई। घटना से जुड़ा एक वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर आया।
महिलाओं का आरोप है कि कार में सवार लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए उनका पीछा किया, उनके स्कूटर को टक्कर मारी और उन्हें धमकियां दीं।
महिलाओं ने कथित पुलिसकर्मियों पर नशे की हालत में वाहन चलाने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने दोषियों को निलंबित करने और संबंधित वाहन को जब्त करने की मांग की है।
एटा कोतवाली पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने कहा, ‘‘महिलाओं की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। वीडियो की जांच की जा रही है।’’
भाषा सं जफर
शोभना मनीषा
मनीषा