महिला ने गोवा के पुलिसकर्मी पर मारपीट करने का आरोप लगाया

महिला ने गोवा के पुलिसकर्मी पर मारपीट करने का आरोप लगाया

महिला ने गोवा के पुलिसकर्मी पर मारपीट करने का आरोप लगाया
Modified Date: July 3, 2024 / 07:11 pm IST
Published Date: July 3, 2024 7:11 pm IST

पणजी, तीन जुलाई (भाषा) एक महिला ने गोवा पुलिस के एक उपनिरीक्षक पर उसके साथ मारपीट करने और उसे जूते चाटने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। महिला के इस आरोप के संबंध में जांच शुरू कर दी गई है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस अधिकारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जायेगी।

आम आदमी पार्टी (आप) विधायक वेन्जी विगास ने यह मुद्दा उठाया और उन्होंने मंगलवार को महिला शिकायतकर्ता के साथ पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) सुनीता सावंत से मुलाकात की।

शिकायत के अनुसार, कोलवा पुलिस थाने से संबद्ध पुलिस उपनिरीक्षक ने उसे और उसके पति को 22 जून को बेनाउलिम और नुवेम की सीमा पर एक स्थान पर बुलाया, जहां एक सड़क दुर्घटना के बाद उनका एक ट्रक चालक के साथ झगड़ा हो गया था।

महिला ने मडगांव पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में दावा किया कि दुर्घटना में बाल-बाल बचे दंपती ने ट्रक चालक से ट्रक रोकने को कहा था, लेकिन विवाद को सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझा लिया गया था।

महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस उपनिरीक्षक ने एक घंटे बाद दंपती को उसी स्थान पर बुलाया, उसकी बेरहमी से पिटाई की तथा उसे अपने जूते भी चाटने को मजबूर किया।

पुलिस उपाधीक्षक (मडगांव) संतोष देसाई ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पुलिस उपनिरीक्षक के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।

देसाई ने कहा कि प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जायेगी।

भाषा

देवेंद्र धीरज

धीरज


लेखक के बारे में